Naye Criminal Laws Bilaspur : नवीन आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन में बिलासपुर पुलिस की बड़ी उपलब्धि, 1386 अधिकारी-कर्मचारियों को मिला प्रशिक्षण

Advertisement
Advertisement

रिपोर्ट : अभिषेक कुमार पाण्डेय, जिला संवाददाता, बिलासपुर

बिलासपुर। एक जुलाई 2024 से लागू नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन में बिलासपुर पुलिस ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। जिले में विवेचना प्रणाली को डिजिटल, पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों का व्यापक उपयोग किया जा रहा है। साथ ही आम नागरिकों को नए कानूनों और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार अभियान भी चलाए जा रहे हैं।

1386 अधिकारी-कर्मचारियों को eSakshya का प्रशिक्षण

बिलासपुर पुलिस ने सभी विवेचकों को डिजिटल प्रणाली से जोड़ते हुए eSakshya प्लेटफॉर्म पर ऑनबोर्ड किया है। पुलिस मुख्यालय के नियमित प्रशिक्षण और मास्टर ट्रेनरों की मदद से जिले के 1386 अधिकारी एवं कर्मचारियों को eSakshya प्रणाली का प्रशिक्षण दिया गया है। इसके अलावा eSummons, eMalkhana, MedLeaPR, eFSL और eProsecution जैसी डिजिटल प्रणालियों का भी सफल संचालन किया जा रहा है।

डिजिटल पुलिसिंग में उल्लेखनीय उपलब्धियां

बिलासपुर जिले में CCTNS के माध्यम से 1,31,957 मालखाना प्रविष्टियां ऑनलाइन दर्ज की गई हैं, जबकि डीजी/आईजी डैशबोर्ड पर 26,607 प्रविष्टियों के जरिए थानों की गतिविधियों की निगरानी की जा रही है।

MedLeaPR पोर्टल से 2,543 एमएलसी और 179 पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त की गई हैं। न्यायालय निर्णय पत्रक (IIF-6) की 16,110 ऑनलाइन प्रविष्टियां दर्ज की गई हैं।

वहीं eSakshya के माध्यम से 13,737 एसआईडी तैयार किए गए तथा 9,656 एफआईआर को डिजिटल साक्ष्यों से जोड़ा गया है। eFSL पोर्टल के जरिए 349 प्रकरण फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए, जबकि eProsecution प्रणाली में 1,081 मामलों की ऑनलाइन प्रविष्टि की गई है।

इसके अलावा ई-साइन सुविधा के तहत 311 ई-एफआईआर और 348 ई-चार्जशीट सहित कुल 662 प्रकरण अपलोड किए गए हैं। जिले के सभी थानों को ई-पेन भी उपलब्ध कराए गए हैं। eSummons प्रणाली से 537 समन, 468 वारंट और 421 नोटिस ऑनलाइन जारी किए गए हैं। वहीं VCNB प्रणाली के माध्यम से 842 वाहनों की जांच और 7,002 अपराधियों का सत्यापन किया गया है।

नागरिकों को नए कानूनों की दी जा रही जानकारी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में नवीन आपराधिक कानूनों को लेकर जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को नए कानूनी प्रावधानों, उनके अधिकारों, पुलिस की जवाबदेही, डिजिटल प्रक्रियाओं और न्याय प्राप्त करने की नई व्यवस्था की जानकारी दी जा रही है।

बिलासपुर पुलिस का उद्देश्य आधुनिक तकनीक और नए कानूनों के समन्वय से विवेचना की गुणवत्ता बढ़ाना, अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाना और नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी तथा जवाबदेह पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना है।

Advertisement
Share This Article