नई दिल्ली/रायपुर। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा NEET UG 2026 परीक्षा का आयोजन आज, रविवार को किया जा रहा है। यह परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक एक ही पाली में पेन-एंड-पेपर मोड में आयोजित होगी। दिव्यांग अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय दिया गया है, जिसके तहत वे शाम 6 बजे तक परीक्षा दे सकेंगे।
देश-विदेश में 551 शहरों में परीक्षा केंद्र
एनटीए के अनुसार, यह परीक्षा भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में आयोजित की जा रही है। कुल 5,432 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस बार लगभग 22.79 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं, जिससे यह दुनिया की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षाओं में से एक बन गई है।
2 लाख से अधिक कर्मियों की तैनाती
परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्था की गई है। 674 सिटी कॉर्डिनेटर, 6,000 से अधिक पर्यवेक्षक और प्रत्येक केंद्र पर केंद्र अधीक्षक व निरीक्षक तैनात किए गए हैं। सुरक्षा और गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस बल का सहयोग भी लिया जा रहा है।
समय से पहले पहुंचने की अपील
एनटीए ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे एडमिट कार्ड पर दिए गए पते की सावधानीपूर्वक जांच करें और समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें। परीक्षार्थियों को दोपहर 1:30 बजे तक केंद्र पर उपस्थित होना अनिवार्य किया गया है।
ड्रेस कोड और प्रतिबंध
परीक्षा के लिए सख्त ड्रेस कोड लागू किया गया है। पुरुष और महिला अभ्यर्थियों को साधारण कपड़े और चप्पल पहनने की अनुमति है, जबकि जूते, टोपी, मफलर, बैग और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित हैं।
मानसिक स्वास्थ्य के लिए हेल्पलाइन
एनटीए ने छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए हेल्पलाइन नंबर 14416 और 1-800-891-4416 जारी किए हैं। एजेंसी ने कहा है कि “कोई भी परीक्षा जीवन से बड़ी नहीं है”, और जरूरत पड़ने पर अभ्यर्थी सहायता ले सकते हैं।
NEET UG 2026 को लेकर देशभर में प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और परीक्षा के शांतिपूर्ण आयोजन की उम्मीद जताई जा रही है।


