नीट यूजी 2026: रायगढ़ के 8 केंद्रों में शांतिपूर्ण संपन्न हुई परीक्षा, 90.08% रही उपस्थिति

Advertisement
Advertisement

कड़ी सुरक्षा और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के बीच संपन्न हुई परीक्षा

Raigarh। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET UG 2026) जिले में रविवार को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। (NEET UG exam, Raigarh) के लिए जिले में कुल 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां 2,682 अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा की व्यवस्था की गई थी।

जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के दौरान सुरक्षा, यातायात, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं, जिससे परीक्षा बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक आयोजित हो सकी।

2,416 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, 266 रहे अनुपस्थित

परीक्षा में कुल 2,416 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जबकि 266 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार जिले में 90.08 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई, जो बेहतर परीक्षा प्रबंधन और अभ्यर्थियों की सक्रिय भागीदारी को दर्शाती है।

डिप्टी कलेक्टर एवं परीक्षा के नोडल अधिकारी धनराज मरकाम ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा निर्धारित समय और दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित हुई।

केंद्रवार उपस्थिति: किरोड़ीमल कॉलेज में सबसे अधिक परीक्षार्थी

केंद्रवार उपस्थिति के अनुसार किरोड़ीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय में 480 में से 433 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।

इसी तरह पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में 474 में से 423, पीएम श्री नटवर इंग्लिश स्कूल में 408 में से 385, किरोड़ीमल पॉलीटेक्निक में 384 में से 351, केएमटी शासकीय कन्या महाविद्यालय में 288 में से 264, जूटमिल स्कूल में 240 में से 204, किरोड़ीमल नगर स्कूल में 240 में से 211 तथा चक्रधर नगर स्कूल में 168 में से 145 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।

प्रशासनिक व्यवस्था की सराहना

परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। अभ्यर्थियों को प्रवेश से पहले सघन जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ा और सभी निर्धारित दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन कराया गया।

नीट यूजी परीक्षा के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन के बाद अभ्यर्थियों तथा उनके परिजनों ने जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की।

Advertisement
Share This Article