स्वतंत्रता दिवस पर ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ देने वाले NCC-NSS कैडेट्स का सम्मान, चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने बांटे प्रमाण-पत्र

Advertisement
Advertisement

बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय परिसर में शानदार मार्चपास्ट और अनुशासित गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत करने वाले NCC और NSS कैडेट्स के सम्मान में मंगलवार को गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी (CSJA) के विवेकानंद सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने कैडेट्स को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की सराहना

मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने स्वतंत्रता दिवस पर उच्च न्यायालय परिसर में कैडेट्स द्वारा प्रस्तुत किए गए गार्ड ऑफ ऑनर और शानदार मार्चपास्ट की सराहना की। उन्होंने कैडेट्स के अनुशासन, समर्पण और बेहतर तालमेल की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हर चुनौती के लिए तैयार रहने का आह्वान

मुख्य न्यायाधीश ने युवा पीढ़ी को देश के सामने आने वाली हर चुनौती और परिस्थिति का सामना करने के लिए सदैव तैयार रहने का संदेश दिया। उन्होंने कैडेट्स को निरंतर प्रगति करते हुए देश और समाज के लिए योगदान देने की प्रेरणा दी।

कैडेट्स ने किया न्यायिक अकादमी का भ्रमण

प्रशस्ति-पत्र प्राप्त करने के बाद कैडेट्स ने मुख्य न्यायाधीश के साथ संवाद किया। इसके बाद उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी भवन का शैक्षणिक भ्रमण भी किया। इस दौरान कैडेट्स ने अकादमी की गतिविधियों और सुविधाओं की जानकारी ली।

वरिष्ठ न्यायिक अधिकारी रहे मौजूद

समारोह में उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल, ज्वाइंट रजिस्ट्रार-कम-प्रिंसिपल प्राइवेट सेक्रेटरी सहित उच्च न्यायालय की रजिस्ट्री, छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी (CSJA) और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (SALSA) के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर: अभिषेक कुमार पाण्डेय
बिलासपुर, छत्तीसगढ़

Advertisement
Share This Article