Narayanpur News : एसपी संदीप कुमार पटेल ने ओरछा थाना व संवेदनशील सुरक्षा कैंपों का किया आकस्मिक निरीक्षण

Advertisement
Advertisement

ई-मालखाना 2.0, सुरक्षा व्यवस्था और मानसून तैयारियों की समीक्षा, जवानों-ग्रामीणों द्वारा बनाई गई अस्थायी पुलियों की सराहना

नारायणपुर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल (भा.पु.से.) ने सोमवार को ओरछा थाना एवं जिले के संवेदनशील सुरक्षा कैंपों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना व्यवस्था, ई-मालखाना 2.0, शस्त्रागार, बैरक, सीसीटीएनएस, साफ-सफाई तथा कानून-व्यवस्था से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ई-मालखाना 2.0 की कार्यप्रणाली का किया निरीक्षण

एसपी ने जब्त संपत्तियों के डिजिटल रिकॉर्ड, बारकोड आधारित प्रबंधन एवं मालखाना संधारण की समीक्षा करते हुए रिकॉर्ड को अद्यतन और सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना स्टाफ को आमजन की शिकायतों का त्वरित निराकरण करने, बेहतर संवाद स्थापित करने तथा क्षेत्र में सतत गश्त और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने को कहा।

सुरक्षा कैंपों में संसाधनों और मानसून तैयारियों का लिया जायजा

थाना निरीक्षण के बाद एसपी ने एड़जूम, इद वाया, आदेर, कुड़मेल, जाटलूर, धोबे, डोडीमरका और पदमेटा स्थित सुरक्षा कैंपों का निरीक्षण किया। उन्होंने बैरक निर्माण, जनरेटर, बोरवेल, राशन एवं डीजल स्टॉकिंग, संचार उपकरण तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की परिचालन संबंधी समस्या उत्पन्न न हो।

जवानों और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास की सराहना

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने वर्षा ऋतु में आवागमन सुगम बनाने के लिए सुरक्षा बल के जवानों एवं स्थानीय ग्रामीणों द्वारा लकड़ी और बांस से बनाई गई अस्थायी पुलियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इसे सुरक्षा बल और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय एवं विश्वास का उदाहरण बताते हुए पुलियों का नियमित निरीक्षण और आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जवानों का बढ़ाया उत्साह

एसपी संदीप कुमार पटेल ने सुरक्षा कैंपों में तैनात अधिकारियों एवं जवानों से चर्चा कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि नारायणपुर जिले में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण बनाए रखने के लिए सुरक्षा बल पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं तथा सभी सुरक्षा कैंपों को हर परिस्थिति के लिए पूरी तरह तैयार और संसाधनयुक्त रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Advertisement
Share This Article