रायगढ़। शहर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने सिंगल यूज प्लास्टिक (single use plastic) और स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की है। निगम के विशेष अभियान के तहत 20 मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 20,400 रुपए का जुर्माना वसूला गया।
नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय के निर्देश पर निगम टीम ने हीरापुर चौक, संजय मार्केट, श्याम टॉकीज रोड, केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड, घड़ी चौक, सतिगुड़ी चौक, कबीर क्षेत्र और ट्रांसपोर्ट नगर में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग तथा स्वच्छता नियमों के पालन की जांच की गई।
प्रतिबंधित प्लास्टिक के 15 मामले पकड़े गए
जांच के दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग के 15 मामले सामने आए। संबंधित दुकानदारों से 15,400 रुपए से अधिक का जुर्माना वसूला गया।
गंदगी फैलाने पर भी कार्रवाई
सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने के 5 मामलों में निगम ने 5,000 रुपए का अर्थदंड लगाया। इस तरह कुल 20 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए निगम ने 20,400 रुपए की पेनाल्टी वसूली।
निगम की अपील
नगर निगम प्रशासन ने व्यापारियों और नागरिकों से प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग बंद करने और स्वच्छता नियमों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।


