मानसून की रफ्तार पड़ सकती है धीमी: छत्तीसगढ़ में 13 जून के आसपास सामान्य समय पर दस्तक देने के संकेत

Advertisement

रायपुर। माह के अंतिम सप्ताह में केरल तक आने वाले दक्षिण-पश्चिम मानसून की गति धीमी होने के आसार हैं। इसके बाद यह छत्तीसगढ़ में अपनी सामान्य तिथि 13 जून के आसपास ही दस्तक देगा। अभी प्रदेश में ग्रीष्मलहर के हालात बने हुए हैं और बिलासपुर चपेट में आ चुका है। गुरुवार से रायपुर में भी इस तरह के हालात बनने की संभावना है।

लक्षद्वीप के ऊपर छाए घने बादलों को देखकर यह अनुमान लगाया जा रहा है, केरल में मानसून 26 मई या उसके आसपास सक्रिय हो सकता है। इसके बाद उसके छत्तीसगढ़ तक आने का काउंटडाउन शुरू होता है। मानसून के आगे बढ़ने की स्थिति में आने वाले व्यवधानों और पूर्व अनुभव के आधार पर मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है, पिछले वर्षों की तरह छत्तीसगढ़ में जगदलपुर के रास्ते उसकी एंट्री अपनी सामान्य तिथि 13 के आसपास ही होगी। इसके दो से तीन दिन बाद रायपुर और संभवतः 20 जून तक अंबिकापुर पहुंचेगा। इधर प्रदेश में गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है।

उत्तर-पश्चिम की गर्म हवा
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, राज्य में अभी उत्तर पश्चिम से गर्म और शुष्क हवा का आगमन लगातार जारी है, जिसके कारण अधिकतम तापमान में वृद्धि हो रही है। इसके अलावा एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पश्चिम विहार और उसके आसपास, एक द्रोणिका उत्तर उत्तरप्रदेश के मध्य भाग से उत्तर तेलंगाना तक विस्तारित है।

नवतपा के पहले जमकर तपेगा
ज्योतिष मान्यता के मुताबिक,  25 मई से 2 जून तक नवतपा अपना असर दिखाएगा। अभी की स्थिति को देखते हुए मौसम विशेषज्ञ मान रहे हैं कि गर्मी अभी काफी दिनों तक लोगों को प्रभावित करेगी। अगले पांच दिनों तक इसका प्रभाव रहने की उम्मीद है। इसके बाद बादल-बारिश की गतिविधि बन सकती है। रायपुर का अधिकतम तापमान भी आने वाले दिनों में एक से दो डिग्री तक बढ़ सकता है।

Share This Article