नोआमुंडी टीएमएच व डांगोवापोसी स्वास्थ्य इकाई का चिकित्सा समझौता नवीकरण, रेल कर्मियों को मिलेगी निरंतर स्वास्थ्य सुविधा

Advertisement
Advertisement

चक्रधरपुर। चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल के अंतर्गत आने वाली डांगोवापोसी स्वास्थ्य इकाई और टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) नोआमुंडी के बीच मंगलवार को चिकित्सा समझौते का नवीकरण किया गया। इस नवीकरण के बाद रेल कर्मचारियों और उनके परिजनों को पहले की तरह स्वास्थ्य सेवाएं मिलती रहेंगी।

यह समझौता नोआमुंडी स्थित नवनिर्मित टाटा मेन अस्पताल में संपन्न हुआ, जहां चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल के मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. सुब्रत कुमार मिश्र और नोआमुंडी टाटा मेन हॉस्पिटल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. धिरेंद्र कुमार के द्वारा चिकित्सा समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए गए।

जानकारी के अनुसार डांगोवापोसी, बड़बिल रेलखंड सहित बपांसपानी, जुरुली, जोड़ा, गुवा, जामदा जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों में कार्यरत रेल कर्मियों को इस समझौते से सीधा लाभ मिलेगा। इन क्षेत्रों के कर्मचारियों और उनके परिजनों को गंभीर एवं सामान्य बीमारियों के इलाज के लिए नोआमुंडी टीएमएच की चिकित्सा सेवाएं पूर्व की तरह उपलब्ध रहेंगी, जिससे आपात स्थिति में समय पर उपचार सुनिश्चित हो सकेगा।

बताया गया कि पूर्व में रेलवे और टाटा मेन हॉस्पिटल के बीच हुआ चिकित्सा करार अवधि समाप्त हो चुका था, जिसके बाद मंगलवार को इसका विधिवत नवीकरण किया गया। इस अवसर पर रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी।

इस नवीकरण के बाद रेलवे चिकित्सा व्यवस्था और टीएमएच के बीच समन्वय और अधिक मजबूत होगा, जिससे मरीजों को समय पर बेहतर इलाज मिल सकेगा।

Advertisement
Share This Article