मथुरा। उत्तर प्रदेश के Mathura जिले में यमुना नदी में शुक्रवार को श्रद्धालुओं से भरी नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 15 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।
तेज हवा और टक्कर से पलटी नाव
जानकारी के अनुसार, पंजाब के Muktsar से आए श्रद्धालु यमुना दर्शन के लिए मथुरा पहुंचे थे। सभी लोग नाव में सवार होकर नदी की सैर कर रहे थे, तभी अचानक तेज हवाओं के कारण नाव असंतुलित होकर पांटून ब्रिज से टकरा गई और पलट गई।
रेस्क्यू ऑपरेशन तेज, SDRF और NDRF तैनात
हादसे के बाद तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। मौके पर SDRF और NDRF की टीमें स्थानीय गोताखोरों के साथ सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। करीब 50 गोताखोर नदी के गहरे हिस्सों में तलाश कर रहे हैं।
प्रशासन मौके पर मौजूद, लापता लोगों की तलाश जारी
मथुरा के एसपी ग्रामीण और जिलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। प्रशासन ने 10 मौतों की पुष्टि करते हुए बताया कि लापता लोगों की तलाश युद्ध स्तर पर जारी है और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार चल रहा है।
सीएम योगी ने जताया शोक
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। साथ ही अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
