Marwahi Police : बूचड़खाने ले जाए जा रहे 26 भैंसों से भरे ट्रक को पुलिस ने पकड़ा, चालक गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर ले जाए जा रहे मवेशियों को कराया मुक्त, ट्रक जब्त, कई धाराओं में मामला दर्ज

मरवाही। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में मरवाही पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बूचड़खाने ले जाए जा रहे 26 भैंसों से भरे एक ट्रक को पकड़ लिया। पुलिस ने मवेशियों को सुरक्षित मुक्त कराते हुए ट्रक जब्त किया और चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

घेराबंदी कर ट्रक को पकड़ा

पुलिस के अनुसार, 19-20 जुलाई 2026 की रात सूचना मिली थी कि एक ट्रक में बड़ी संख्या में भैंसों को अवैध रूप से बूचड़खाने ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देश पर थाना मरवाही, चौकी कोटमी और साइबर सेल की टीम ने दानीकुंडी के पास घेराबंदी की।

ट्रक क्रमांक UP 70 GT 3794 को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला। इसके बाद पुलिस ने कुम्हारी बस स्टैंड के पास ट्रक को रोककर कब्जे में लिया।

26 भैंसें क्रूरतापूर्वक भरी मिलीं

जांच के दौरान ट्रक में 26 भैंसें अत्यंत अमानवीय और क्रूर तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरी हुई मिलीं। चालक से पशुओं के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज और अनुमति पत्र मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने सभी मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकालकर नियमानुसार उनकी देखभाल के लिए सुरक्षित स्थान पर भेज दिया।

चालक गिरफ्तार, कई धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक वाल्मीक साकेत (30 वर्ष) निवासी रोहिया, थाना रामपुर बघेलान, जिला सतना (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया।

आरोपी के खिलाफ थाना मरवाही में अपराध क्रमांक 138/2026 दर्ज करते हुए छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 111 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पूरे नेटवर्क की होगी जांच

पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी ने थाना प्रभारी मरवाही को मामले की एंड-टू-एंड विवेचना कर इस अवैध परिवहन से जुड़े सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

Advertisement
Share This Article