रायगढ़। Shashi Mohan Singh के निर्देशन में जिले में संचालित ‘ऑपरेशन संवेदना’ के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना पूंजीपथरा पुलिस ने लगभग छह माह से लापता 15 वर्षीय बालिका को रायपुर से सकुशल बरामद कर लिया। मामले में बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
स्कूल से लौटने के बाद हुई थी लापता
पुलिस के अनुसार, 17 दिसंबर 2025 को थाना पूंजीपथरा में एक स्थानीय व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी 15 वर्षीय बेटी 15 दिसंबर को स्कूल से लौटने के बाद घर नहीं पहुंची। परिजनों ने बताया कि घनश्याम उर्फ सोनू बैरागी नामक युवक बालिका को मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
रायपुर में कई जगह तलाश के बाद मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार बालिका की तलाश में जुटी रही। कई बार रायपुर में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन शुरुआती दौर में सफलता नहीं मिली। बाद में मुखबिर सूचना और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस टीम ने उरला-सरोरा क्षेत्र, रायपुर में दबिश दी।
24 जून 2026 को पुलिस ने अशोक पाइप प्लांट क्षेत्र से बालिका को आरोपी सिसेन एक्का के कब्जे से सकुशल बरामद कर रायगढ़ लाया।
बालिका के बयान पर दो आरोपी गिरफ्तार
महिला अधिकारी द्वारा बयान दर्ज किए जाने के बाद चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। बालिका ने बताया कि आरोपी घनश्याम उर्फ सोनू बैरागी उसे शादी और भरोसे का झांसा देकर पहले घरघोड़ा, फिर रायपुर के सिलतरा स्थित मजदूर क्वार्टर ले गया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक शोषण किया गया।
बालिका के अनुसार, कुछ समय बाद घनश्याम उसे छोड़कर भाग गया। इसी दौरान उसकी मुलाकात सिसेन एक्का से हुई, जिसने शादी का प्रलोभन देकर उसका फिर से शोषण किया।
पुलिस ने जांच के बाद प्रकरण में BNS की धारा 87, 65(1) तथा POCSO Act की धारा 4 और 6 जोड़ते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी का संदेश— बाल अपराधों पर सख्त कार्रवाई
Shashi Mohan Singh ने कहा कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में रायगढ़ पुलिस पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्रवाई कर रही है।
उन्होंने कहा, “ऑपरेशन संवेदना के माध्यम से प्रत्येक पीड़ित को त्वरित न्याय दिलाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”


