नई दिल्ली। भारत सहित दुनिया भर के हजारों व्हाट्सऐप यूजर्स को सोमवार रात अचानक परेशानी का सामना करना पड़ा। मेटा के स्वामित्व वाले लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म ने कई यूजर्स के अकाउंट बिना किसी पूर्व सूचना के 24 घंटे के लिए ‘अंडर रिव्यू’ में डाल दिए। इसके चलते प्रभावित यूजर्स न तो मैसेज भेज पा रहे थे और न ही कॉल कर पा रहे थे।
यूजर्स ने सोशल मीडिया पर जताई नाराजगी
अचानक अकाउंट बंद होने से परेशान कई यूजर्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर स्क्रीनशॉट साझा कर अपनी समस्या बताई। लोगों का कहना था कि उन्होंने किसी नियम का उल्लंघन नहीं किया, फिर भी उनके अकाउंट को जांच के दायरे में क्यों रखा गया।
स्क्रीन पर दिखा ‘Account in Review’ का संदेश
अकाउंट प्रभावित होने के बाद व्हाट्सऐप खोलने पर यूजर्स को एक नोटिस दिखाई दिया, जिसमें लिखा था- “Account in review, Your account activity and device info is being checked.” संदेश में बताया गया कि यूजर्स की गतिविधियों और डिवाइस की जानकारी की जांच की जा रही है और आमतौर पर इसका परिणाम 24 घंटे के भीतर बताया जाएगा।
बिजनेस और कामकाज पर पड़ा असर
यह समस्या रात करीब 8 बजे शुरू हुई और देर रात तक कई यूजर्स इससे प्रभावित रहे। व्हाट्सऐप पर निर्भर रहने वाले व्यापारियों और अन्य लोगों को मैसेजिंग और कॉलिंग सेवाएं बाधित होने से परेशानी का सामना करना पड़ा।
मेटा ने बताई तकनीकी गलती
मामले पर मेटा ने सफाई देते हुए कहा कि प्लेटफॉर्म को सुरक्षित रखने और दुरुपयोग रोकने के लिए सुरक्षा प्रणालियों के तहत अकाउंट्स की जांच की जाती है। कंपनी ने माना कि कई बार ऑटोमेटेड सिस्टम की वजह से गलत कार्रवाई भी हो सकती है।
प्रभावित अकाउंट बहाल करने में जुटी कंपनी
मेटा ने कहा कि यदि किसी यूजर का अकाउंट गलती से रिव्यू में चला गया है तो उसे जल्द से जल्द ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। कंपनी प्रभावित अकाउंट्स को बहाल करने और यूजर्स को दोबारा सेवाएं उपलब्ध कराने में जुटी रही।




