ऑपरेशन अंकुश का बड़ा असर: धरमजयगढ़ में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चलाते आरोपी गिरफ्तार, करोड़ों की कार्रवाई जारी

By
Advertisement
Advertisement

रायगढ़। जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और जुआ गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी आईपीएल मैचों में हार-जीत पर दांव लगवाते हुए सट्टा संचालन कर रहा था।

सूचना मिलते ही पुलिस ने की रेड कार्रवाई

पुलिस को सूचना मिली थी कि धरमजयगढ़ स्थित कई वर्षों से बंद पड़े भारत टॉकीज के सामने कुछ लोग आईपीएल मैचों में हार-जीत का दांव लगाकर सट्टा गतिविधियां संचालित कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।

एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य मौके से फरार

पुलिस टीम को देखकर मौके पर मौजूद कुछ लोग भागने में सफल रहे, जबकि एक व्यक्ति को सट्टा-पट्टी लिखते हुए मौके से पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान मनीष भौमिक (38 वर्ष), निवासी धरमजयगढ़ कॉलोनी, खरसिया रोड के रूप में बताई।

नगदी, मोबाइल और सट्टा-पट्टी जब्त

आरोपी के कब्जे से आईपीएल टीमों के नाम और रकम का हिसाब दर्ज सट्टा-पट्टी, 725 रुपये नगद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस मोबाइल की जांच कर रही है, जिसमें ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिलने की संभावना जताई जा रही है।

ऑपरेशन अंकुश के तहत लगातार जारी है कार्रवाई

धरमजयगढ़ थाना में आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

62 सटोरियों की गिरफ्तारी, 1 करोड़ से अधिक की जब्ती

रायगढ़ पुलिस के अनुसार, फरवरी 2026 से अब तक “ऑपरेशन अंकुश” के तहत जिले में कुल 62 सटोरियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। कार्रवाई के दौरान अब तक 1 करोड़ 9 लाख रुपये से अधिक की नकदी, सैकड़ों मोबाइल फोन, नोट गिनने की मशीनें और लैपटॉप भी जब्त किए गए हैं।

एसएसपी का सख्त संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और अवैध जुआ जैसी गतिविधियां समाज और युवाओं को आर्थिक व सामाजिक नुकसान पहुंचाने वाली हैं। ऐसे संगठित अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Advertisement
Share This Article