राजस्व, वन और पुलिस की संयुक्त दबिश से तस्करों में हड़कंप
रायगढ़। छाल क्षेत्र में अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक को जब्त किया है। यह कार्रवाई तहसीलदार लोमस मिरी के नेतृत्व में राजस्व, वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा बीती रात की गई।

जानकारी के अनुसार, टीम ने घेराबंदी कर उस ट्रक को रोका जिसमें महानिम, नीलगिरी और सागौन की लकड़ियां अवैध रूप से परिवहन की जा रही थीं। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक और हेल्पर वाहन की चाबी लेकर मौके से फरार हो गए।
संदिग्ध नंबर प्लेट और नेटवर्क की जांच शुरू
अधिकारियों ने ट्रक को कब्जे में लेकर थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया है। प्रारंभिक जांच में वाहन की नंबर प्लेट संदिग्ध और फर्जी प्रतीत हो रही है, जिसकी गहन जांच की जा रही है।
वन विभाग और पुलिस की टीम अब लकड़ी के स्रोत, तस्करी नेटवर्क और फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है। मामले में Forest Conservation Act, 1980 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
तस्करी नेटवर्क पर कसा शिकंजा
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय अवैध लकड़ी तस्करों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए ऐसे मामलों में लगातार सख्त अभियान चलाने की मांग की है।


