डैम किनारे निर्वस्त्र अवस्था में मिली अज्ञात युवती की लाश, गले पर चाकू के निशान, चेहरे को पत्थर से कुचलने की आशंका

By
Advertisement
Advertisement

पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में सनसनी, हत्या के बाद पहचान छिपाने की आशंका

रायगढ़। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के तुमिडीह स्थित डैम किनारे मंगलवार शाम एक अज्ञात युवती का शव निर्वस्त्र अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। युवती का शव डैम किनारे संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पूंजीपथरा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों को भी घटनास्थल की जानकारी दी गई।

शरीर पर मिले धारदार हथियार के निशान

पुलिस जांच में प्रारंभिक तौर पर सामने आया है कि युवती के गले और पीठ पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान मिले हैं। वहीं चेहरे को पत्थर से कुचलने की भी आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि हत्या के बाद शव की पहचान छिपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने चेहरे को क्षतिग्रस्त करने की कोशिश की।

जानकारी के मुताबिक मृतका के शरीर से कपड़े गायब थे। पुलिस को आशंका है कि कपड़े घटनास्थल के आसपास फेंके गए हो सकते हैं, जिसकी तलाश की जा रही है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए घरघोड़ा अस्पताल भेज दिया है। युवती की पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में सूचना भेजी गई है।

फिलहाल पुलिस ने मामले को हत्या मानते हुए अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई जारी है।

Advertisement
Share This Article