कलेक्टर के निर्देश पर वाड्रफनगर में खनिज विभाग की सख्त कार्रवाई, अवैध खनन मार्ग किए गए नष्ट
बलरामपुर। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशानुसार खनिज विभाग लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में वाड्रफनगर क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई।
खनिज अधिकारी श्री राहुल गुलाटी के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
ग्रामीणों की मौजूदगी में मोरन नदी जाने वाले अवैध खनन मार्ग किए गए बंद
ग्राम कैलाशपुर स्थित मोरन नदी की ओर जाने वाले अवैध उत्खनन मार्गों को प्रशासन ने ग्रामीणों की उपस्थिति में चिन्हित कर पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया। इन मार्गों को जेसीबी और अन्य साधनों की मदद से नष्ट किया गया, ताकि भविष्य में अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
प्रशासन का कहना है कि यह कदम अवैध खनन नेटवर्क की आपूर्ति श्रृंखला को तोड़ने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
अवैध रेत और पत्थर परिवहन करते दो ट्रैक्टर जब्त, पुलिस अभिरक्षा में वाहन
कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से रेत और पत्थर का परिवहन करते पाए जाने पर दो ट्रैक्टर वाहनों को मौके पर ही जब्त किया गया। इसके अलावा दो अन्य वाहनों को पुलिस चौकी वाड्रफनगर और थाना बसंतपुर की अभिरक्षा में रखा गया है।
अधिकारियों ने बताया कि सभी वाहनों के खिलाफ खनिज नियमों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अवैध खनन पर सख्ती जारी, आगे भी होगी निरंतर कार्रवाई
खनिज विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ऐसे गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों और वाहन मालिकों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि प्राकृतिक संसाधनों की अवैध लूट पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।




