रायगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन: 2 करोड़ से ज्यादा का गांजा और नशीली दवाएं चढ़ीं भट्ठी की आग में

रायगढ़, 2 अक्टूबर। जिले में NDPS मामलों में जब्त किए गए मादक पदार्थों और प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के खिलाफ पुलिस ने नियमानुसार बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ के निर्देश पर जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल समिति की निगरानी में 2 करोड़ 8 लाख 26 हजार 399 रुपये की अनुमानित कीमत के मादक पदार्थों और नशीली दवाइयों का विधिवत नष्टीकरण किया गया।

16 NDPS मामलों से जब्त 415 किलो से ज्यादा गांजा नष्ट

रायगढ़ जिले के अलग-अलग 16 NDPS प्रकरणों में जब्त किए गए 415.991 किलोग्राम गांजा और 3 नग गांजा पौधों को नष्ट किया गया। जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल समिति के अध्यक्ष एवं उप पुलिस महानिरीक्षक-सह-वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई संपन्न हुई।

जब्त गांजे को जामगांव स्थित एसएसपी स्टील एंड पॉवर लिमिटेड के प्लांट की भट्ठी में निर्धारित प्रक्रिया के तहत जलाकर नष्ट किया गया।

सिरप, टैबलेट और कैप्सूल पर भी कार्रवाई

कार्रवाई के दौरान विभिन्न NDPS मामलों में जब्त प्रतिबंधित नशीली दवाइयों को भी नष्ट किया गया। इनमें 108 नग प्रतिबंधित सिरप और 529 नग प्रतिबंधित टैबलेट/कैप्सूल शामिल थे। कुल 637 नग नशीली दवाइयों को प्लांट परिसर के पास बुलडोजर और रोड रोलर से कुचलकर गड्ढे में दबाया गया।

2 करोड़ 8 लाख से अधिक की जब्ती का नष्टीकरण

पुलिस के मुताबिक, नष्ट किए गए मादक पदार्थों और नशीली दवाइयों की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 8 लाख 26 हजार 399 रुपये है। इस पूरी कार्रवाई के जरिए NDPS प्रकरणों में जब्त प्रतिबंधित सामग्री का निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत निपटारा किया गया।

अधिकारियों और पंचों की मौजूदगी में पूरी हुई प्रक्रिया

मादक पदार्थों के नष्टीकरण की पूरी कार्रवाई जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल समिति के सदस्यों, संबंधित अधिकारियों और पंचों की मौजूदगी में कराई गई। इस दौरान समिति के अध्यक्ष शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, उप पुलिस अधीक्षक उत्तम प्रताप सिंह, जिला आबकारी अधिकारी अभिषेक तिवारी सहित अन्य अधिकारी और पंच मौजूद रहे।

पुलिस ने जब्त मादक पदार्थों और नशीली दवाइयों को निर्धारित नियमों के तहत नष्ट कर कार्रवाई को पूरा किया।

Share This Article