पसान पुलिस की बड़ी कार्रवाई: यात्री बस की डिक्की से 11 अवैध बकरियां बरामद, बस जब्त

Advertisement
Advertisement

चेकिंग अभियान में खुला मवेशी तस्करी का खेल
कोरबा जिले के पसान क्षेत्र में पुलिस को चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। Jai Shri Travels की यात्री बस से 11 अवैध बकरियां बरामद की गईं। पेंड्रा रोड से कोरबा जा रही बस की तलाशी के दौरान पुलिस ने डिक्की में बकरियों को अमानवीय हालत में पाया। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बस को जब्त कर लिया।

डिक्की खोलते ही सामने आया चौंकाने वाला दृश्य
पसान पुलिस नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पेंड्रा रोड से कोरबा की ओर जा रही जय श्री ट्रेवल्स बस को रोककर जांच की गई। बस की डिक्की खोलते ही पुलिस हैरान रह गई। अंदर 11 बकरियां रस्सियों से बंधी हुई मिलीं, जिन्हें बिना चारा-पानी के ठूंसकर रखा गया था। इतना ही नहीं, कुछ बकरियों को सीटों के नीचे भी छिपाकर ले जाया जा रहा था।

पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 और छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि बकरियों को पेंड्रा रोड क्षेत्र से बस में लोड किया गया था और कोरबा ले जाया जा रहा था।

बस मालिक की भूमिका भी जांच के दायरे में
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी में बस चालक, परिचालक या बस मालिक की क्या भूमिका रही। साथ ही बकरियों के वास्तविक मालिक और गंतव्य की भी जांच की जा रही है।

थाना प्रभारी ने दी सख्त चेतावनी
थाना प्रभारी ने साफ कहा कि यात्री बसों के जरिए मवेशियों की तस्करी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह की अवैध गतिविधियों में शामिल पाए जाने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
Share This Article