ऑपरेशन आघात के तहत कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नाबालिगों को नशे के लिए सोल्यूशन बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार

By
Advertisement
Advertisement

रायगढ़ | 27 मई

रामभांठा संजय मैदान में नाबालिगों को नशे की सामग्री बेचने की सूचना पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई

रायगढ़ जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत कोतवाली पुलिस ने नाबालिग बच्चों को नशे के लिए सोल्यूशन लिक्विड बेचने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में लगातार नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले थाना कोतवाली और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने गांजा और नशीले इंजेक्शन के मामले में कार्रवाई की थी।

मुखबिर की सूचना पर रामभांठा क्षेत्र में घेराबंदी, कई नाबालिग मौके से भागे

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस मादक पदार्थों और नशीली सामग्री की अवैध खरीद-बिक्री पर लगातार निगरानी कर रही थी। इसी दौरान थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल को सूचना मिली कि रामभांठा स्थित संजय मैदान के पास “डोकरी” नाम से पहचान रखने वाला एक युवक छोटे-छोटे नाबालिग बच्चों को सोल्यूशन बेच रहा है, जिसका उपयोग बच्चे नशे के रूप में कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस पेट्रोलिंग वाहन को देखकर वहां मौजूद कई नाबालिग लड़के मौके से भाग निकले। पुलिस ने एक युवक को पकड़कर पूछताछ की, जिसने बताया कि उसने “डोकरी सिदार” से 40 रुपये में सोल्यूशन खरीदा था। उसके पास से सुपर मैक्स साइकिल सोल्यूशन नंबर-04 का एक ट्यूब भी बरामद किया गया।

आरोपी के कब्जे से 19 सोल्यूशन ट्यूब और बिक्री रकम बरामद, पूछताछ में हुआ खुलासा

पुलिस ने संदेही शिवशंकर उर्फ डोकरी सिदार को पीछा कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शिवशंकर उर्फ डोकरी सिदार पिता दिलसाय सिदार, उम्र 26 वर्ष, निवासी सुसडेगा थाना पत्थलगांव जिला जशपुर (छ.ग.) बताया।

आरोपी के थैले की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 19 नग सुपर मैक्स साइकिल सोल्यूशन नंबर-04, प्रत्येक 50 एमएल क्षमता वाला ट्यूब, बरामद किया गया। साथ ही बिक्री की रकम 240 रुपये और अन्य सामान भी जब्त किया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह राउरकेला (ओडिशा) से सोल्यूशन खरीदकर रायगढ़ शहर के अलग-अलग मोहल्लों में घूम-घूमकर नाबालिग लड़कों को 50 से 60 रुपये में बेचता था। उसने यह भी बताया कि वह लगभग 10 दिन पहले राउरकेला से पांच बॉक्स सोल्यूशन खरीदकर लाया था।

भारतीय न्याय संहिता और जेजे एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

कोतवाली पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में आरोपी से बरामद सामग्री जब्त कर अपराध क्रमांक 284/2026 के तहत धारा 123, 275, 286 बीएनएस और धारा 77 जेजे एक्ट के अंतर्गत अपराध दर्ज किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन और थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बच्चों और युवाओं को नशे से बचाने के लिए पुलिस ने दिया सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशा बच्चों और युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। मासूम बच्चों को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तत्वों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस लगातार अभियान चलाकर कठोर वैधानिक कार्रवाई करती रहेगी। उन्होंने समाज और अभिभावकों से भी बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए सतर्क रहने की अपील की।

Advertisement
Share This Article