ऑपरेशन प्रहार में चक्रधरनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 15.75 टन स्क्रैप लदा ट्रक जब्त

Advertisement
Advertisement

12 चक्का ट्रक समेत करीब 16.70 लाख रुपये की संपत्ति जब्त, वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर कार्रवाई

रायगढ़, 24 अगस्त 2026। संपत्ति संबंधी अपराधों और कबाड़ चोरी पर अंकुश लगाने रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने विजयपुर चौक में ओडिशा पासिंग 12 चक्का ट्रक को रोककर उसमें लदे 15.75 टन स्क्रैप लोहे को जब्त किया है। ट्रक और कबाड़ की कुल अनुमानित कीमत करीब 16.70 लाख रुपये बताई गई है।

मुखबिर की सूचना पर विजयपुर चौक में घेराबंदी

पुलिस के मुताबिक चक्रधरनगर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा को सूचना मिली थी कि ओडिशा पासिंग 12 चक्का ट्रक में भारी मात्रा में संदिग्ध स्क्रैप कबाड़ लोड कर रायगढ़ की ओर लाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई के लिए रवाना किया गया।

पुलिस टीम ने विजयपुर चौक मेन रोड पर घेराबंदी की। इसी दौरान ट्रक क्रमांक OD 16 E 5001 वहां पहुंचा, जिसे पुलिस ने रोककर चालक से पूछताछ की। चालक ने अपना नाम जोगेंद्र साहू, पिता स्वर्गीय विजय कुमार साहू, उम्र 47 वर्ष, निवासी बाटंगी बेलसी साई गलेरी, थाना तारासिंधी, जिला गंजाम, ओडिशा बताया।

दस्तावेज नहीं होने पर 15.75 टन स्क्रैप जब्त

पुलिस ने ट्रक की जांच की तो उसमें बड़ी मात्रा में लोहे के टुकड़े और स्क्रैप कबाड़ लदा मिला। पुलिस ने चालक से कबाड़ से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा। पुलिस के अनुसार चालक द्वारा सामग्री के संबंध में कोई वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया गया और उसने लिखित में इसकी जानकारी दी।

इसके बाद कबाड़ सामग्री के चोरी की होने की आशंका के चलते पुलिस ने ट्रक में लदे स्क्रैप का वजन कराया। वजन करने पर कुल 15.75 टन स्क्रैप लोहे के टुकड़े पाए गए।

ट्रक और स्क्रैप समेत 16.70 लाख की संपत्ति जब्त

पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में ट्रक क्रमांक OD 16 E 5001 और उसमें लदे 15.75 टन स्क्रैप लोहे को जब्त कर लिया। साथ ही ट्रक की आरसी और चालक का ड्राइविंग लाइसेंस भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया।

पुलिस के अनुसार जब्त 12 चक्का ट्रक की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये और स्क्रैप लोहे की कीमत करीब 4.70 लाख रुपये है। इस तरह कुल करीब 16.70 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

बीएनएस की धारा 303(2) के तहत जांच

पुलिस ने प्रकरण में इस्तगासा क्रमांक 04/2026 के तहत धारा 35(क)(ड) बीएनएसएस/303(2) बीएनएस में कार्रवाई करते हुए मामले को जांच में लिया है। पुलिस अब जब्त स्क्रैप के स्रोत और उससे संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है।

एसएसपी ने कहा- चोरी की संपत्ति के कारोबार पर पैनी नजर

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों, विशेषकर चोरी के वाहनों और कबाड़ की चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ‘ऑपरेशन प्रहार’ चलाया जा रहा है। चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त, अवैध भंडारण और परिवहन करने वालों पर पुलिस की नजर है। ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आम लोगों से भी संदिग्ध कबाड़ और चोरी की संपत्ति से संबंधित जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

एएसआई आशिक रात्रे सहित स्टाफ की रही भूमिका

कार्रवाई में एएसआई आशिक रात्रे एवं चक्रधरनगर पुलिस के हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत कबाड़ कारोबार से जुड़े लोगों और संदिग्ध वाहनों की जांच आगे भी जारी रहेगी।

Advertisement
Share This Article