बिहान से बदली जिंदगी : मशरूम उत्पादन ने पुष्पा साव को बनाया आत्मनिर्भर, सालाना ₹1.50 लाख की आय

Advertisement
Advertisement

रायगढ़, 25 जुलाई 2026। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान की पहल ने रायगढ़ जिले के ग्राम कुरमापाली निवासी पुष्पा साव के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। कभी परिवार का गुजारा मजदूरी से होता था, लेकिन आज वे मशरूम उत्पादन के माध्यम से सालाना लगभग 1.50 लाख रुपये की आय अर्जित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन चुकी हैं।

मजदूरी से स्वरोजगार तक का सफर

पुष्पा साव बताती हैं कि पहले उनका परिवार पूरी तरह मजदूरी पर निर्भर था। सीमित आय के कारण बच्चों की पढ़ाई, घरेलू जरूरतें और भविष्य की योजनाएं पूरी करना कठिन था। इसी दौरान ग्राम पंचायत के माध्यम से उन्हें राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान की जानकारी मिली। उन्होंने संस्कार स्व-सहायता समूह से जुड़कर नियमित बचत शुरू की और प्रशिक्षण के साथ-साथ कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड (CIF) तथा बैंक से वित्तीय सहयोग प्राप्त किया।

₹10 हजार से शुरू किया मशरूम उत्पादन

सीआईएफ से मिली 10 हजार रुपये की सहायता राशि से उन्होंने घर पर मशरूम उत्पादन शुरू किया। गुणवत्तापूर्ण उत्पादन और लगातार मेहनत के कारण स्थानीय बाजार में उनके मशरूम की मांग बढ़ती गई। बढ़ती मांग को देखते हुए उन्होंने लगभग 70 हजार रुपये का अतिरिक्त निवेश कर अपने व्यवसाय का विस्तार किया।

परिवार की आर्थिक स्थिति हुई मजबूत

आज मशरूम उत्पादन से होने वाली आय ने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाया है। अब वे बच्चों की शिक्षा, घरेलू जरूरतों और भविष्य की बचत पर बेहतर तरीके से ध्यान दे पा रही हैं। साथ ही परिवार के भोजन में मशरूम शामिल होने से पोषण स्तर में भी सुधार हुआ है।

गांव की महिलाओं के लिए बनीं प्रेरणा

पुष्पा साव का कहना है कि यदि उन्हें बिहान का सहयोग नहीं मिला होता, तो उनका परिवार आज भी मजदूरी पर निर्भर रहता। अब वे न केवल सफल स्वरोजगार संचालित कर रही हैं, बल्कि गांव की अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन, सरकारी योजनाओं का प्रभावी लाभ और निरंतर मेहनत से कोई भी व्यक्ति अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकता है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर आत्मनिर्भरता की नई राह दिखा रहा है।

Advertisement
Share This Article