रायपुर/अहमदाबाद। अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति, गुजरात द्वारा 28 जुलाई 2026 को गांधीनगर-सरखेज हाईवे स्थित विश्व उमिया फाउंडेशन, जासपुर में राष्ट्रीय अधिवेशन का आयोजन किया जाएगा। इस अधिवेशन में गुजरात सहित देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल होंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पत्रकार सुरक्षा कानून लागू कराने की मांग को मजबूत करना तथा निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता से जुड़े मुद्दों पर राष्ट्रीय स्तर पर मंथन करना है।
पत्रकारों की सुरक्षा और अधिकारों पर होगा विमर्श
पत्रकार सुरक्षा समिति छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद शर्मा ने बताया कि वर्तमान समय में निष्पक्ष, निर्भीक और पारदर्शी पत्रकारिता के सामने अनेक चुनौतियां हैं। अधिवेशन में जमीनी स्तर पर कार्यरत पत्रकारों की समस्याओं, उनके अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में यह अधिवेशन महत्वपूर्ण साबित होगा।
पत्रकार सुरक्षा कानून रहेगा मुख्य विषय
समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष जिग्नेश भाई पटेल ने कहा कि राष्ट्रीय अधिवेशन का मुख्य आकर्षण पत्रकार सुरक्षा कानून (Journalist Protection Act) की आवश्यकता और उसके शीघ्र क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा होगी। देशभर से आए पत्रकार, मीडिया विशेषज्ञ और संगठन के पदाधिकारी कानून की रूपरेखा और इसे लागू कराने की रणनीति पर विचार-विमर्श करेंगे, ताकि पत्रकारों के लिए सुरक्षित और निर्भीक कार्य वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
छत्तीसगढ़ से भी पहुंचेगा प्रतिनिधिमंडल
अधिवेशन में भाग लेने के लिए छत्तीसगढ़ से भी पत्रकारों का प्रतिनिधिमंडल गांधीनगर जाएगा। आयोजन समिति ने देशभर के पत्रकारों से कार्यक्रम में शामिल होकर अपने विचार साझा करने तथा पत्रकार हितों की आवाज को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया है।
कार्यक्रम विवरण
- आयोजन: अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति, गुजरात
- तिथि: 28 जुलाई 2026
- स्थान: विश्व उमिया फाउंडेशन, वैष्णोदेवी मंदिर के सामने, गांधीनगर-सरखेज हाईवे, जासपुर (गुजरात)




