जमीन विवाद ने लिया खूनी मोड़: धान बुआई के दौरान ट्रैक्टर से कुचलकर किसान की हत्या, 8 आरोपी गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

सरगुजा में खेत बना रणभूमि, धान बुआई को लेकर भड़का हिंसक विवाद
सरगुजा। जिले के बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम सिलमा चिटकाही में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवादित जमीन पर धान बुआई के दौरान दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुराने जमीन विवाद की आग में भड़की हिंसा
पुलिस के मुताबिक मृतक होंश राम और आरोपी पक्ष के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। मृतक पक्ष का दावा था कि परिवार वर्षों से उक्त जमीन पर खेती करता आ रहा है, जबकि राजस्व रिकॉर्ड में जमीन आरोपी पक्ष के नाम दर्ज बताई जा रही थी। इसी विवाद ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया।

“जो बीच में आएगा, ट्रैक्टर से कुचल देंगे” — धमकी के बाद हमला
परिजनों के अनुसार 13 जून को होंश राम ने खेत में धान बोया था। अगले दिन आरोपी पक्ष ट्रैक्टर लेकर उसी खेत में पहुंचा और दोबारा बुआई शुरू कर दी। जब होंश राम अपनी पत्नी और बेटों के साथ विरोध करने पहुंचे तो आरोपियों ने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपियों ने खुलेआम धमकी दी— “आज धान बोकर ही रहेंगे, जो बीच में आएगा उसे ट्रैक्टर से कुचल देंगे।”

बचने की कोशिश बेकार, दो बार चढ़ाया ट्रैक्टर
आरोप है कि मारपीट के दौरान सभी आरोपियों ने मिलकर होंश राम को खेत की मेड़ से नीचे धक्का दिया। इसके बाद आरोपी उमेश पैंकरा ने तेज रफ्तार ट्रैक्टर से उन्हें टक्कर मारी। होंश राम जान बचाने के लिए ट्रैक्टर के बंपर से लटक गए, लेकिन नीचे गिरते ही आरोपी ने दोबारा ट्रैक्टर चढ़ा दिया। इस निर्मम हमले में होंश राम की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या सहित गंभीर धाराओं में केस दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही बतौली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने हत्या, मारपीट, धमकी समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल से ट्रैक्टर, लाठी-डंडे समेत अन्य साक्ष्य जब्त किए गए हैं।

8 आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भुवनेश्वर पैंकरा, बजरंग लाल, रघुनंदन पैंकरा, मनोज, उमेश, बोधन पैंकरा, कमलेश्वरी पैंकरा और प्यारी पैंकरा को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

पुलिस की सख्त कार्रवाई, जांच जारी
राजेश अग्रवाल के निर्देशन में सरगुजा पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। विवेक कुमार सेंगर और उनकी टीम ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ने में अहम भूमिका निभाई।

Advertisement
Share This Article