अंबिकापुर/सरगुजा। सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में झाड़फूंक के नाम पर शर्मनाक वारदात सामने आई है। खुद को बाबा बताने वाले एक व्यक्ति ने युवती को नौकरी और अच्छे रिश्ते का झांसा देकर झाड़फूंक के दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले में गांधीनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
झाड़फूंक के नाम पर रचा षड्यंत्र
पुलिस के अनुसार, 14 जून 2026 की सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच कॉलोनी में अमित गोस्वामी नाम का व्यक्ति पहुंचा। वह खुद को Prayagraj से आया बाबा बताकर लोगों की समस्याएं दूर करने और झाड़फूंक करने का दावा कर रहा था। वह लोगों से पैसे और मोबाइल भी मांग रहा था।
इसी दौरान आरोपी पीड़िता के घर पहुंचा, जहां परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। आरोपी ने पीड़िता से कहा कि झाड़फूंक कराने से अच्छा रिश्ता आएगा और नौकरी लग जाएगी।
परिजनों को बाहर भेजकर दिया वारदात को अंजाम
आरोपी ने पहले पीड़िता को नहाने के लिए कहा। इसके बाद झाड़फूंक के बहाने उसने पीड़िता की मां को एक मुट्ठी चावल लेकर हनुमान मंदिर भेज दिया और कहा कि 151 चावल के दाने भगवान को अर्पित करें। वहीं पीड़िता की बहन को कमरे से बाहर रहने को कहा।
मौका मिलते ही आरोपी ने पीड़िता को अपने प्रभाव में लेकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता ने थाना गांधीनगर में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
एफआईआर दर्ज होने के बाद गांधीनगर पुलिस ने पीड़िता द्वारा बताए गए हुलिये के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी अमित कुमार गोस्वामी (29) को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी Prayagraj जिले के घुरपुर थाना अंतर्गत ग्राम सेमरा का निवासी है। पूछताछ और विवेचना में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
सरगुजा पुलिस की अपील
सरगुजा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी ढोंगी बाबा, तांत्रिक या झाड़फूंक करने वाले व्यक्ति के झांसे में न आएं। यदि इस प्रकार का कोई संदिग्ध व्यक्ति मोहल्ले या गांव में दिखाई दे, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
पुलिस ने साफ कहा है कि अंधविश्वास का फायदा उठाकर अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।


