कोटा में छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी, 1930 पर तत्काल शिकायत की अपील

Advertisement
Advertisement

अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, छत्तीसगढ़

बिलासपुर। बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के मामलों को देखते हुए कोटा थाना पुलिस ने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला, पुरानी बस्ती कोटा में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में छात्राओं और स्कूल स्टाफ को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों, ऑनलाइन ठगी से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

एसएसपी ने छात्राओं को किया जागरूक

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने छात्राओं को साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्क रहने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि OTP, ATM PIN, UPI PIN, बैंक खाते की जानकारी और पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए।

उन्होंने सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सावधानी बरतने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने और अनजान एप्लीकेशन डाउनलोड करने से बचने की सलाह दी। ऑनलाइन लेन-देन के दौरान भी पूरी सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया।

सजगता को बताया साइबर अपराध से बचाव का प्रमुख उपाय

जिला दंडाधिकारी संजय अग्रवाल ने कहा कि डिजिटल तकनीक ने लोगों की जिंदगी आसान बनाई है, लेकिन इसके साथ साइबर अपराध की चुनौतियां भी बढ़ी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से डिजिटल संसाधनों का उपयोग जिम्मेदारी और सावधानी के साथ करने की अपील की।

उन्होंने छात्राओं को खुद साइबर अपराध से सुरक्षित रहने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी ऑनलाइन ठगी के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।

ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें संपर्क

कार्यक्रम में छात्राओं को बताया गया कि ऑनलाइन ठगी होने पर घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। साथ ही नजदीकी पुलिस थाने को भी घटना की जानकारी दें। समय पर शिकायत मिलने से ठगी की रकम को होल्ड कराने की कार्रवाई शुरू करने में मदद मिल सकती है।

विद्यालय परिवार ने निभाई सक्रिय भूमिका

कार्यक्रम में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला पुरानी बस्ती, कोटा की प्राचार्या आशा दत्ता, प्रभारी प्राचार्य अर्पणा लाल सहित विद्यालय के व्याख्याता, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।

विद्यालय परिवार ने साइबर जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए छात्राओं को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस चला रही लगातार जागरूकता अभियान

थाना कोटा पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम और आम लोगों को जागरूक करने के लिए स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने नागरिकों से ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 अथवा पुलिस से संपर्क करने की अपील की है।

Advertisement
Share This Article