कोटा : स्कूल का राशन और बर्तन चोरी करने वाला नाबालिग पकड़ा गया, बाइक चोरी का भी खुलासा

Advertisement
Advertisement

कुवारीमुड़ा प्राथमिक शाला में हुई चोरी की जांच में पुलिस को मिली सफलता

बिलासपुर (कोटा)। शासकीय प्राथमिक शाला कुवारीमुड़ा में बच्चों के मध्याह्न भोजन के लिए रखे राशन और खाना पकाने के बर्तन चोरी होने के मामले में कोटा पुलिस ने एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। पुलिस पूछताछ में स्कूल चोरी के साथ ही मोटरसाइकिल चोरी की एक अन्य घटना का भी खुलासा हुआ है।

स्कूल से एक क्विंटल चावल और बर्तन चोरी

पुलिस के मुताबिक, शासकीय प्राथमिक शाला कुवारीमुड़ा की शिक्षिका आराधना पटेल ने 27 अगस्त को कोटा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि स्कूल कार्यालय में रखी पेटी से करीब दो बोरी चावल, जिसका वजन लगभग एक क्विंटल था, सहित खाना पकाने के बर्तन चोरी हो गए हैं। चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत करीब 8 हजार रुपये बताई गई थी।

मामले में पुलिस ने बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी

‘प्रहार’ अभियान और नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने मामले की जांच तेज की। घटनास्थल का निरीक्षण करने और संबंधित लोगों से जानकारी जुटाने के बाद पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली।

सूचना के आधार पर ग्राम कुवारीमुड़ा में दबिश देकर संदेह के आधार पर एक नाबालिग को पुलिस संरक्षण में लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने स्कूल में चोरी करने की बात स्वीकार की। आगे पूछताछ में एक अन्य स्थान से मोटरसाइकिल चोरी करने की जानकारी भी सामने आई।

बाल संप्रेषण गृह भेजा गया

पुलिस के अनुसार, प्रकरण में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेषण गृह, बिलासपुर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक टीकाराम निषाद, प्रधान आरक्षक उमाशंकर राठौर (195) सहित थाना कोटा के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अभिषेक कुमार पाण्डेय, रिपोर्टर — बिलासपुर, छत्तीसगढ़

Advertisement
Share This Article