बार अध्यक्ष रजनीश सिंह बघेल ने सौंपा पत्र, लंबे न्यायिक अनुभव वाले अधिवक्ताओं के नाम प्रस्तावित
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने लंबे समय से विधि क्षेत्र में सक्रिय पांच वरिष्ठ अधिवक्ताओं को ‘सीनियर एडवोकेट’ का पदनाम दिए जाने की अनुशंसा की है। इस संबंध में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रजनीश सिंह बघेल ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधिपति को औपचारिक प्रस्ताव भेजा है।

इन पांच अधिवक्ताओं के नाम प्रस्तावित
बार एसोसिएशन की ओर से भेजे गए प्रस्ताव में पांच वरिष्ठ सदस्यों के नाम शामिल हैं। इनमें—
- बद्री प्रसाद गुप्ता — नामांकन क्रमांक 372/1972
- सोमनाथ वर्मा — नामांकन क्रमांक 26/1975
- सिद्धनाथ नांदे — नामांकन क्रमांक 580/1978
- भर्रू प्रसाद शर्मा — नामांकन क्रमांक 1087/96
- प्रभाकर सिंह चंदेल — नामांकन क्रमांक 23-A/TR/98, छत्तीसगढ़ स्टेट बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष
शामिल हैं।
बार और बेंच को मिलेगा अनुभव का लाभ
बार अध्यक्ष रजनीश सिंह बघेल ने मुख्य न्यायाधिपति को भेजे पत्र में इन अधिवक्ताओं को हाईकोर्ट के प्रतिष्ठित और अनुभवी विधि विशेषज्ञ बताया है। प्रस्ताव में कहा गया है कि इन वरिष्ठ अधिवक्ताओं के लंबे अनुभव, विधिक ज्ञान और विशेषज्ञता का लाभ न केवल अधिवक्ता समुदाय बल्कि न्यायपालिका को भी मिल सकता है।
दशकों की विधिक सेवा को सम्मान देने की पहल
बार एसोसिएशन की इस पहल के बाद विधिक क्षेत्र में इसे वरिष्ठ अधिवक्ताओं के अनुभव और सेवाओं को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। साथी अधिवक्ताओं और युवा वकीलों के बीच भी इस प्रस्ताव को लेकर सकारात्मक चर्चा है।
अब प्रस्ताव पर हाईकोर्ट की निर्धारित प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई और अंतिम निर्णय पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
अभिषेक कुमार पाण्डेय, रिपोर्टर — बिलासपुर, छत्तीसगढ़


