123 वारंट तामील, 22 स्थायी वारंटी गिरफ्तार, 190 आरोपी पकड़े, 72 पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
गणेश उत्सव और आगामी विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से Korba Police Operation Aaghat के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। पिछले 10 दिनों से जारी इस अभियान के दौरान पुलिस ने बदमाशों, अपराधियों, वारंटियों और संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 407 लोगों पर कार्रवाई की है।
विशेष टीमों ने वारंटियों के ठिकानों पर दी दबिश
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए Korba Police Operation Aaghat के तहत अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए विशेष टीमें गठित की गईं। टीमों ने लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों के ठिकानों पर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया।
123 वारंट तामील, वर्षों से फरार वारंटी गिरफ्तार
अभियान के दौरान पुलिस ने 123 गिरफ्तारी वारंट तामील किए। वहीं लंबे समय से फरार 22 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें वर्ष 2014 से लंबित स्थायी वारंट सहित पुराने मामलों में प्रभावी कार्रवाई की गई।
महिला संबंधी अपराधों के 190 आरोपी जेल भेजे गए
पुलिस ने शरीर संबंधी और महिला संबंधी अपराधों में संलिप्त तथा लंबित मामलों में फरार चल रहे 190 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। इसके अलावा 72 व्यक्तियों, बदमाशों और संदिग्धों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। गणेश उत्सव के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की आशंका वाले लोगों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई।
पटाखे लेकर स्टंट करने वालों पर भी पुलिस की नजर
पुलिस ने बताया कि विसर्जन के दौरान कुछ युवक हाथ में पटाखे लेकर खतरनाक स्टंट करते हुए नजर आए थे। ऐसे लोगों पर भी पुलिस की नजर है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ऑपरेशन आघात की कार्रवाई एक नजर में
- 123 गिरफ्तारी वारंट तामील
- 22 स्थायी वारंटी गिरफ्तार
- 190 लंबित अपराधों के आरोपियों की गिरफ्तारी
- 72 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
- कुल 407 बदमाशों, अपराधियों एवं संदिग्धों के खिलाफ कार्रवाई
त्योहारों तक जारी रहेगा अभियान: पुलिस
कोरबा पुलिस ने कहा कि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा त्योहारों को सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए Korba Police Operation Aaghat आगे भी जारी रहेगा।
