खमरिया : बिना औषधि अनुज्ञप्ति के 36 प्रकार की दवाइयां जब्त

Advertisement
Advertisement

रिपोर्ट : अभिषेक कुमार पाण्डेय
जिला संवाददाता, बिलासपुर, छत्तीसगढ़
दिनांक : 08/08/2026

खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने की कार्रवाई, नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे
नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा कलेक्टर बिलासपुर के निर्देशानुसार जिले में अवैध औषधि कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा लगातार निरीक्षण एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में तखतपुर विकासखंड के ग्राम खमरिया में बिना वैध औषधि अनुज्ञप्ति के औषधियों के भंडारण के मामले में कार्रवाई की गई।

क्लीनिक की जांच में सामने आया मामला

औषधि प्रशासन विभाग को प्राप्त सूचना के आधार पर सोमू मेडिकल स्टोर्स, खमरिया के पीछे स्थित क्लीनिक की जांच की गई। जांच के दौरान बीरेन्द्र मलिक द्वारा बिना वैध औषधि अनुज्ञप्ति यानी लाइसेंस के 36 प्रकार की औषधियों का भंडारण किया जाना पाया गया।

विभाग के अनुसार यह औषधि अधिनियम, 1940 के प्रावधानों का उल्लंघन है।

36 प्रकार की दवाइयां की गईं जब्त

खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर औषधियों की जांच की और बिना वैध अनुज्ञप्ति के रखी गई दवाइयों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया। विभाग द्वारा औषधियों के नमूने लिए जाएंगे और उन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।

प्रकरण में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।

औषधि निरीक्षक ने की कार्रवाई

यह कार्रवाई सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल के मार्गदर्शन एवं सहायक औषधि नियंत्रक श्री भीष्म देव सिंह के नेतृत्व में औषधि निरीक्षक श्री सुनील पंडा द्वारा की गई।

बिना लाइसेंस दवा रखने पर होगी कार्रवाई

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध औषधि अनुज्ञप्ति के दवाइयों का क्रय-विक्रय अथवा भंडारण नियमों का उल्लंघन है। ऐसी गतिविधियों पर विभाग द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है और नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने जिले के औषधि व्यवसायियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे केवल वैध अनुज्ञप्तिधारी औषधि विक्रेताओं से ही दवाइयां खरीदें। बिना अनुज्ञप्ति दवाइयों के भंडारण या विक्रय की जानकारी मिलने पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई है, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Advertisement
Share This Article