शिक्षा से संगठन तक : जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ा रहे अमर अग्रवाल

Advertisement
Advertisement

रिपोर्ट : अभिषेक कुमार पाण्डेय
जिला संवाददाता, बिलासपुर, छत्तीसगढ़
दिनांक : 08/08/2026

साइकिल वितरण कार्यक्रम में छात्राओं को मिला प्रोत्साहन, कार्यकर्ता सम्मेलन में संगठन की मजबूती पर हुआ मंथन

लासपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री छत्तीसगढ़ शासन अमर अग्रवाल शनिवार को शहर में आयोजित दो अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल हुए। आंध्रा समाज कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को साइकिल वितरित कर उन्होंने बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन देने का संदेश दिया। वहीं सिंधी कॉलोनी स्थित सिंधु पंचायत भवन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में पश्चिम मंडल के कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठन की गतिविधियों एवं जनसेवा से जुड़े विषयों पर चर्चा की।

25 छात्राओं को मिली निःशुल्क साइकिल

रेलवे परिक्षेत्र स्थित आंध्रा समाज कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अमर अग्रवाल ने सरस्वती साइकिल योजना के तहत 25 छात्राओं को निःशुल्क साइकिल प्रदान की।

उन्होंने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा को सुगम और निरंतर बनाए रखने में ऐसी योजनाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। विद्यालय आने-जाने की सुविधा मिलने से छात्राओं का शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ेगा और वे बिना बाधा अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी।

अमर अग्रवाल ने विद्यालय प्रबंधन द्वारा विद्यार्थियों के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आवश्यक संसाधनों और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षित और संस्कारवान समाज के निर्माण में बेटियों की शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है।

नशामुक्ति की दिलाई शपथ

कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति अभियान के तहत उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम में महापौर श्रीमती पूजा विधानी, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, पार्षद एवं एमआईसी सदस्य प्रकाश यादव, पार्षद एवं जोन अध्यक्ष एम. श्रीणु राव सहित आंध्रा समाज के पदाधिकारी, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक, अभिभावक और नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यकर्ताओं से संवाद, संगठन को मजबूत बनाने पर चर्चा

इसके बाद अमर अग्रवाल ने सिंधी कॉलोनी स्थित सिंधु पंचायत भवन में आयोजित पश्चिम मंडल कार्यकर्ता सम्मेलन में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से आत्मीय संवाद करते हुए संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्ययोजनाओं और जनसेवा से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया।

अमर अग्रवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता से निरंतर जुड़ाव संगठन को मजबूत आधार प्रदान करता है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसेवा को केंद्र में रखते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने और उसकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।

Advertisement
Share This Article