कविता यादव निर्विरोध चुनी गईं छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ की प्रांत अध्यक्ष

Advertisement
Advertisement

अभिषेक कुमार पाण्डेय

रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़

सात अभ्यर्थियों ने दाखिल किया था नामांकन, एक फॉर्म निरस्त; पांच प्रत्याशियों ने लिया नाम वापस

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ के प्रांत अध्यक्ष पद के लिए शनिवार को निर्वाचन प्रक्रिया पूरी हुई। अध्यक्ष पद के लिए कुल सात अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया था। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान एक फॉर्म निरस्त कर दिया गया, जबकि शेष छह अभ्यर्थियों में से पांच ने नाम वापस लेते हुए कविता यादव को अपना समर्थन दिया। इसके बाद अध्यक्ष पद पर कविता यादव एकमात्र प्रत्याशी रह गईं और उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।

मतदान की नहीं पड़ी जरूरत

निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान यह व्यवस्था थी कि यदि अध्यक्ष पद के लिए एक से अधिक प्रत्याशी मैदान में रहते तो मतदान कराया जाता। हालांकि नाम वापसी के बाद केवल कविता यादव के मैदान में रहने के कारण मतदान कराने की आवश्यकता नहीं पड़ी और उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया।

प्रदेशभर के आजीवन सदस्यों को मिला है मताधिकार

संघ के अनुसार निर्वाचन में प्रदेशभर के आजीवन सदस्यों को मताधिकार प्राप्त है। करीब 5 हजार सक्रिय आजीवन सदस्य मतदाता के रूप में पात्र बताए गए हैं। इसके लिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों से मतदाता सूची तैयार की गई थी।

महासमिति की बैठक के बाद तय हुआ था चुनाव

बताया गया कि 2 अगस्त को बृहस्पति बाजार में आयोजित प्रांतीय महासमिति की बैठक में अध्यक्ष पद पर सर्वसम्मति से चयन का प्रयास किया गया था। सहमति नहीं बनने के बाद 20 सितंबर को निर्वाचन कराने का निर्णय लिया गया। इसके बाद 5 सितंबर को निर्वाचन अधिकारी की नियुक्ति की गई और निर्धारित प्रक्रिया के तहत नामांकन, नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की गई।

सिर्फ प्रांत अध्यक्ष पद के लिए हुआ निर्वाचन

इस बार निर्वाचन केवल प्रांत अध्यक्ष पद के लिए कराया गया। निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद कविता यादव द्वारा महासमिति की बैठक बुलाकर संघ की नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। कार्यकारिणी में प्रदेश के विभिन्न संभागों और जिलों से पदाधिकारियों का चयन किया जाना प्रस्तावित है।

संघ के पदाधिकारियों के मुताबिक प्रांत अध्यक्ष का कार्यकाल तीन वर्ष का होगा। कार्यकाल पूरा होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दोबारा निर्वाचन कराया जाएगा।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मुद्दों को उठाने की बात

निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद कविता यादव ने प्रदेशभर से पहुंचे सदस्यों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन की जिम्मेदारी मिलना आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका बहनों के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के अधिकारों तथा विभिन्न मांगों को शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाने की बात कही।

पदाधिकारी और सदस्य रहे मौजूद

निर्वाचन के अवसर पर श्रीकांत मिश्रा, सुनील यादव, चंद्रशेखर पाण्डे, कविता यादव, रागिनी वाल्टर और रश्मि तिवारी सहित संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Advertisement
Share This Article