Karnataka Landslide : शिवमोग्गा में भूस्खलन से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, भारी बारिश बनी हादसे की वजह

Advertisement
Advertisement

शिवमोग्गा। कर्नाटक के शिवमोग्गा जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच हुए भूस्खलन में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, हादसा देर रात उस समय हुआ जब परिवार अपने घर में सो रहा था।

पति-पत्नी और मासूम बेटे की गई जान

मृतकों की पहचान मल्लिकार्जुन (35), उनकी पत्नी नागवेणी (28) और उनके तीन वर्षीय बेटे संतोष के रूप में हुई है। बताया गया कि परिवार मूल रूप से कोप्पल जिले के गंगावती तालुक के कोक्करेगारु गांव का निवासी था।

रात में मकान पर गिरी पहाड़ी

पुलिस के मुताबिक, देर रात करीब 2:30 बजे लगातार बारिश के कारण पहाड़ी का एक हिस्सा खिसककर परिवार के कच्चे मकान पर आ गिरा। हादसे में पास के एक अन्य मकान में रहने वाला एक व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बचाव दल ने मलबे से निकाले शव

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। संयुक्त बचाव अभियान के दौरान मलबे के नीचे दबे तीनों शवों को बाहर निकाला गया।

भारी बारिश से बढ़ा खतरा

पुलिस ने बताया कि मलनाड क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पहाड़ी का हिस्सा ढह गया, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। प्रशासन ने लोगों से भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सतर्क रहने की अपील की है।

Advertisement
Share This Article