अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस द्वारा चैम्बर ऑफ कॉमर्स के सदस्यों, ज्वेलर्स दुकान संचालकों एवं विभिन्न व्यापारिक संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और आपराधिक घटनाओं में कमी लाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
यह बैठक डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित हुई।
बैठक में व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बनी। सभी संस्थानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने, रिकॉर्डिंग स्टोरेज बढ़ाने, सुरक्षा गार्ड की तैनाती और आपातकालीन अलार्म सिस्टम लगाने पर विशेष जोर दिया गया।
इसके साथ ही चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, संदिग्ध या चेहरा ढके ग्राहकों पर विशेष निगरानी रखने, बड़े लेन-देन के दौरान सतर्कता बरतने तथा कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस, कंट्रोल रूम और फायर ब्रिगेड को सूचना देने के लिए सभी आवश्यक नंबर उपलब्ध रखें।
बैठक में व्यापारिक संगठनों ने सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग देने और पुलिस के साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता भी जताई।


