अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़
दिल्ली से आकर अनूपपुर क्षेत्र में किराए के मकान में रहते थे आरोपी, चांदनी चौक के कबाड़ बाजार तक जुड़ा था नेटवर्क
बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बुढ़ार, सिंहपुर, छादा और शहडोल रेलखंडों में रेलवे की कॉपर केबल चोरी की घटनाओं का आरपीएफ ने खुलासा किया है। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, बिलासपुर के मार्गदर्शन में आरपीएफ की विशेष टीम और अनूपपुर पोस्ट ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कुल 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 10 कथित केबल चोर और चोरी का माल खरीदने वाले 7 कबाड़ी शामिल हैं।
किराए का मकान लेकर करते थे रेलवे ट्रैक की रेकी
जांच के दौरान सामने आया कि गिरोह के कुछ सदस्य दिल्ली से अनूपपुर क्षेत्र में पहुंचे थे और स्थानीय स्तर पर किराए के मकान लेकर रह रहे थे। बताया गया कि आरोपी चार स्कूटरों के जरिए रेलवे ट्रैक के आसपास घूमकर सिग्नल एवं अन्य कॉपर केबलों की जानकारी जुटाते थे। मौका मिलने पर केबल काटकर चोरी कर ली जाती थी।
पुलिस जांच में चोरी किए गए तांबे को दिल्ली के चांदनी चौक क्षेत्र के कबाड़ बाजार तक पहुंचाए जाने की बात भी सामने आई है।
उमरिया स्टेशन और गाजियाबाद से भी गिरफ्तारी
रेलवे क्षेत्र में लगातार हो रही केबल चोरी की घटनाओं को देखते हुए आरपीएफ ने पेट्रोलिंग बढ़ाने के साथ एम्बुश और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया था। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को उमरिया रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से भागने की कोशिश करते समय पकड़ा गया, जबकि एक अन्य आरोपी को गाजियाबाद स्थित उसके ठिकाने से गिरफ्तार किया गया। बाकी आरोपियों और कथित रिसीवरों को अनूपपुर तथा आसपास के क्षेत्रों से पकड़ा गया।
चोरी की कॉपर केबल और चार स्कूटर जब्त
आरपीएफ के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर रेलवे से चोरी की गई कॉपर केबल और अन्य तांबे की सामग्री बरामद की गई है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले चार स्कूटर भी जब्त किए गए हैं।
रेलवे संपत्ति अधिनियम के तहत जांच जारी
मामले में सभी 17 आरोपियों के खिलाफ रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम (RP(UP) Act) के तहत कार्रवाई की गई है। आरपीएफ अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, चोरी के माल की खरीद-फरोख्त और कथित वित्तीय लेन-देन की जानकारी जुटा रही है। मामले की जांच आगे भी जारी है।




