बिलासपुर-पेंड्रा रोड सेक्शन में रेलवे की कड़ी टिकट चेकिंग, 130 मामलों में ₹79,510 का जुर्माना वसूला

Advertisement
Advertisement

13 ट्रेनों में चला विशेष अभियान, बिना टिकट यात्रा के 114 मामले सामने आए

बिलासपुर। बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ बिलासपुर रेल मंडल ने सख्त कार्रवाई की है। यात्रियों की सुविधा और टिकट रहित यात्रा पर रोक लगाने के उद्देश्य से बिलासपुर-पेंड्रा रोड-बिलासपुर सेक्शन में किलाबंदी टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। 21 अगस्त को हुए इस अभियान में रेलवे की टीम ने 13 ट्रेनों की जांच कर 130 मामलों में कुल ₹79,510 का जुर्माना वसूल किया।

बिना टिकट यात्रा के 114 मामले

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन और सहायक वाणिज्य प्रबंधक डी.एस. चौहान के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। इसमें मुख्य टिकट निरीक्षक, टीटीई और आरपीएफ स्टाफ की संयुक्त टीम शामिल रही।

जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा के 114 मामले सामने आए, जिनसे रेलवे ने ₹75,845 का जुर्माना वसूल किया। वहीं अनियमित टिकट के 4 मामलों में ₹2,465 तथा बिना बुक किए गए लगेज के 12 मामलों में ₹1,200 की राशि वसूली गई।

13 ट्रेनों में हुई सघन जांच

रेलवे टीम ने बिलासपुर-पेंड्रा रोड सेक्शन से गुजरने वाली 13 ट्रेनों में अचानक और किलाबंदी तरीके से टिकटों की जांच की। कार्रवाई के दौरान बिना उचित टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों पर रेलवे नियमों के तहत जुर्माना लगाया गया।

यात्रियों से नियमों का पालन करने की अपील

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन में यात्रा करने से पहले उचित टिकट अवश्य लें। रेलवे परिसर में प्रवेश के लिए प्लेटफॉर्म टिकट की आवश्यकता होने पर उसे भी जरूर खरीदें।

रेलवे ने यात्रियों को सुरक्षा के लिहाज से रेलवे ट्रैक पार न करने और एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए फुटओवर ब्रिज का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।

रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे के राजस्व को प्रभावित करने वाली अनियमितताओं के खिलाफ ऐसे विशेष टिकट चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, छत्तीसगढ़

Advertisement
Share This Article