एच.डी. शेफर मेमोरियल फाउंडेशन के शिक्षक सम्मान समारोह में शिक्षक, पियून और रसोइये हुए सम्मानित; ई-टेक्नो स्कूल और स्टार्टअप इनक्यूबेशन सेंटर की भी घोषणा
सुनील चिंचोलकर
बिलासपुर, छत्तीसगढ़।
शिक्षक दिवस के अवसर पर एच.डी. शेफर मेमोरियल फाउंडेशन की ओर से सीओसीएमआई परिसर, कुडुदंड में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं उनके परिवारजन शामिल हुए। समारोह में शिक्षकों के साथ विद्यालयों में सेवाएं देने वाले पियून, रसोइयों और संडे स्कूल शिक्षकों का भी सम्मान किया गया।
शिक्षक केवल पढ़ाने वाले नहीं, चरित्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यक्रम की शुरुआत पास्टर निखिल पॉल की आशीष प्रार्थना के साथ हुई। फाउंडेशन के निदेशक संजय विल्सन ने संस्था की गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने शिक्षकों से AI सहित नई तकनीकों के साथ खुद को अपडेट करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षक की भूमिका केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और चरित्र निर्माण के साथ उन्हें जीवनभर सीखने के लिए प्रेरित करना भी शिक्षक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
सरकारी स्कूलों में निःशुल्क AI साक्षरता कक्षाओं की योजना
कोडक्राफ्ट के संस्थापक अप्रतिम सैमुएल ने बताया कि फाउंडेशन के अंतर्गत कोडक्राफ्ट सेंटर फॉर एआई एंड इमर्जिंग टेक्नोलॉजीज स्थापित किया गया है। इसके माध्यम से बिलासपुर जिले के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में वर्तमान शैक्षणिक सत्र से निःशुल्क AI साक्षरता कक्षाएं संचालित करने की योजना है।
इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों से परिचित कराना और उन्हें बदलते तकनीकी दौर के लिए तैयार करना है।
ई-टेक्नो स्कूल और स्टार्टअप इनक्यूबेशन सेंटर की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान भविष्य की कई योजनाओं की भी जानकारी दी गई। इनमें कंप्यूटर आधारित परीक्षा केंद्र, ‘ई-टेक्नो स्कूल’ तथा स्टार्टअप एवं इनोवेशन इनक्यूबेशन सेंटर की स्थापना शामिल है।
इसके अलावा दक्षिण कोरिया और इजराइल की तेल अवीव यूनिवर्सिटी के साथ विद्यार्थियों के लिए स्टूडेंट एक्सचेंज प्रोग्राम शुरू करने की दिशा में काम किए जाने की बात भी कही गई।
Integrity और निरंतर मेहनत पर दिया जोर
केन मेमोरियल स्कूल के प्राचार्य एरिक जोसेफ ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए Integrity (ईमानदारी और नैतिक प्रतिबद्धता) तथा निरंतर मेहनत के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने शिक्षकों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति प्रतिबद्ध रहते हुए विद्यार्थियों के भविष्य को बेहतर बनाने में योगदान देने का संदेश दिया।
टेक और स्टार्टअप समिट की भी तैयारी
समारोह में नूतन सैमुएल, प्रमोद कुजूर, अहरलिश पॉल, आलोक विल्सन, हेमंत लाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर फाउंडेशन की ओर से शिक्षकों के उत्साहवर्धन के लिए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की बात कही गई।
साथ ही राज्य स्तरीय टेक एवं स्टार्टअप समिट आयोजित करने की योजना की घोषणा की गई, जिससे शिक्षा, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में विद्यार्थियों एवं युवाओं को नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा सके।




