बिलासपुर में ‘सफाई’ के नाम पर दो तोले सोने के जेवर की ठगी, भरोसा जीतकर शातिरों ने किया हाथ साफ

Advertisement
Advertisement

पहले स्टील और पीतल के बर्तन चमकाकर जीता विश्वास, फिर सोने की चेन और बाली लेकर हुए फरार; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़

बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बर्तन चमकाने के नाम पर ठगी का एक मामला सामने आया है। मंगला स्थित दीनदयाल कॉलोनी में दो युवकों ने पहले बर्तन साफ कर महिला का भरोसा जीता और बाद में कथित तौर पर करीब दो तोले सोने के जेवर लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात सामने आई है।

पहले स्टील, फिर पीतल और चांदी की पायल चमकाई

पीड़िता स्मृति तिवारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह दो युवक उनकी दुकान पर पहुंचे और बर्तन चमकाने की बात कही। युवकों ने पहले जले हुए स्टील के बर्तन को साफ कर चमकाया। इसके बाद पीतल का बर्तन भी साफ किया गया।

भरोसा बढ़ाने के लिए युवकों ने महिला की सास की चांदी की पायल भी साफ कर वापस कर दी। इसके बाद महिला को उन पर विश्वास हो गया और उन्होंने अपनी सोने की चेन व कान की बाली साफ करने के लिए उन्हें दे दी।

केमिकल डालकर किया जेवर गायब करने का कथित खेल

बताया गया कि युवकों ने एक बर्तन में केमिकल डालकर उसमें सोने के जेवर रखने की प्रक्रिया शुरू की। इसी दौरान महिला को युवकों की गतिविधियों पर संदेह हुआ। जब उन्होंने बर्तन को जांचा तो सोने के जेवर वहां नहीं मिले।

इसके बाद महिला ने शोर मचाया। आसपास के लोगों के जुटने की भनक लगते ही दोनों युवक कथित तौर पर मौके से फरार हो गए।

चप्पल-जूते छोड़कर बाइक से भागे

स्थानीय लोगों के अनुसार, भागने की जल्दबाजी में युवक अपने चप्पल-जूते और कुछ सामान मौके पर ही छोड़ गए। इसके बाद वे बाइक से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की तलाश

पुलिस ने घटनास्थल से मिले सामान को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। दीनदयाल कॉलोनी और मंगला मुख्य मार्ग के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।

अनजान लोगों से सावधान रहने की अपील

इस घटना के बाद पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। बर्तन या जेवर चमकाने के नाम पर घर या दुकान पर पहुंचने वाले अनजान लोगों को बिना सत्यापन के कीमती सामान नहीं सौंपने की सलाह दी गई है। किसी व्यक्ति की गतिविधि संदिग्ध लगने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।

पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना में शामिल आरोपियों और चोरी हुए जेवर की बरामदगी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Advertisement
Share This Article