‘व्यापारी कर संवाद’ में टीडीएस, रिटर्न फाइलिंग और आयकर नोटिस से जुड़े सवालों का समाधान
रायगढ़। आयकर विभाग और व्यापारिक समुदाय के बीच बेहतर समन्वय तथा कर व्यवस्था को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को शहर के तीन सितारा होटल अंश में ‘व्यापारी कर संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कैट छत्तीसगढ़ और आयकर विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस आयोजन में जिले के बड़ी संख्या में व्यापारी, खुदरा कारोबारी और विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
‘एक प्रदेश, एक दिन, एक संवाद’ अभियान के तहत आयोजन
कार्यक्रम ‘एक प्रदेश, एक दिन, एक संवाद’ अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया। इस दौरान आयकर विभाग के अधिकारियों ने व्यापारियों को मौजूदा कर प्रणाली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। डिजिटल एवं फेसलेस कर व्यवस्था, आयकर रिटर्न दाखिल करने की प्रक्रिया, टीडीएस-टीसीएस तथा आयकर विभाग से प्राप्त होने वाले नोटिसों के संबंध में अधिकारियों ने विस्तार से जानकारी साझा की।
खुले मंच पर व्यापारियों ने रखी अपनी समस्याएं
कार्यक्रम में आयोजित खुला सवाल-जवाब सत्र विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। व्यापारियों ने टीडीएस कटौती, आयकर रिटर्न दाखिल करने, ऑनलाइन पोर्टल के इस्तेमाल तथा विभागीय नोटिस से जुड़ी व्यावहारिक परेशानियां सीधे आयकर अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने व्यापारियों के सवालों का सरल भाषा में जवाब देते हुए संबंधित प्रक्रियाओं को समझाया।
समय पर कर अनुपालन करने की अपील
आयकर अधिकारियों ने व्यापारियों से समय पर और सही तरीके से कर संबंधी औपचारिकताएं पूरी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कर व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की शंका या भ्रम की स्थिति में अधिकृत माध्यमों से जानकारी प्राप्त करनी चाहिए। कार्यक्रम में नई कर व्यवस्था तथा आयकर अधिनियम की धारा 87ए के अंतर्गत उपलब्ध कर रिबेट से संबंधित जानकारी भी दी गई।
सीधे संवाद से बढ़ेगा व्यापारियों का भरोसा
कैट पदाधिकारियों ने कहा कि आयकर विभाग और व्यापारियों के बीच इस तरह का सीधा संवाद बेहद उपयोगी है। इससे व्यापारियों को कर नियमों की व्यावहारिक जानकारी मिलती है और अनावश्यक भ्रम भी दूर होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विभाग और व्यापारिक समुदाय के बीच विश्वास और समन्वय को मजबूती मिलेगी। भविष्य में भी इस तरह के संवाद कार्यक्रम जारी रखने पर जोर दिया गया।
बड़ी संख्या में व्यापारी और पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आईटीओ अनिल बोकाड़े, आयकर विभाग से देवनारायण नायक एवं एन. स्मिता सहित कैट के संरक्षक संतोष अग्रवाल, रामनिवास मोड़ा, अध्यक्ष किशोर तलरेजा, आनंद बेरीवाल, अनिल अग्रवाल बाराद्वार, संजय रतेरिया, दिनेश अग्रवाल, सुभाष चिराग, शंकरलाल चावला, पवन बसंतानी, कमल ब्लू चिप, महेश जेठानी, प्रमोद अग्रवाल, भरत बलेचा, घनश्याम आहूजा, दिलीप मेहानी, सुरेश रोहड़ा, हितेश बत्ता, रवि सूखेजा, सत्यराम साहू, विजय खत्री, अभिषेक गुप्ता, प्रकाश मेहानी, त्रिलोक आहूजा, सुनील अग्रवाल, विकास अग्रवाल, उमेश थवाईत, संतोष नायक, मुकेश अग्रवाल, हेमंत पटेल, मनीष जायसवाल, गिरधर ब्रोकर, राज नयन, भुवन विशाल, मनोहर सेहत, इंदर पोपटानी, रोशन पोपटॉनी, सुरेश तलरेजा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं व्यापारिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कमलेश मोटवानी और मनीष उदासी ने किया संचालन
कार्यक्रम का संचालन कैट के पदाधिकारी कमलेश मोटवानी और मनीष उदासी ने किया। आयोजन के दौरान आयकर विभाग के अधिकारियों और व्यापारियों के बीच संवादपूर्ण वातावरण रहा तथा कर संबंधी विभिन्न विषयों पर खुलकर चर्चा हुई।




