लट्टू उरांव एफसी को 1-0 से हराया, डीआरएम तरुण हुरिया ने किक मारकर किया टूर्नामेंट का शुभारंभ
चक्रधरपुर के इकबाल सिंह संधु स्टेडियम में दक्षिण पूर्व रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन (सेरसा) के तत्वावधान में शुक्रवार को प्रथम सेरसा लीग फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण हुरिया ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किक मारकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
उद्घाटन समारोह में चक्रधरपुर नगर परिषद के अध्यक्ष सन्नी उरांव, मनोहरपुर के विधायक जगत माझी, एडीआरएम अनूप पटेल, सीनियर डीएमई राजीव रंजन रसिक तथा भगरिया ब्लास्टर टीम के ऑनर मनोज भगरिया सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
सेरसा सीकेपी ने 1-0 से जीता उद्घाटन मुकाबला
टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला सेरसा सीकेपी और लट्टू उरांव एफसी के बीच खेला गया। पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला और कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी।
दूसरे हाफ के 54वें मिनट में सेरसा सीकेपी के खिलाड़ी नितीश बारी ने शानदार गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई, जो अंत तक कायम रही। इस जीत के साथ सेरसा सीकेपी ने टूर्नामेंट का विजयी आगाज किया।
26 जुलाई तक चलेगी प्रतियोगिता, 13 टीमें ले रहीं हिस्सा
प्रतियोगिता 26 जुलाई तक आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 13 टीमें भाग ले रही हैं।
पूल-ए में लट्टू उरांव एफसी, सेरसा सीकेपी, डीएफसी, शारदा फुटबॉल अकादमी, सरना क्लब पंप रोड सीकेपी, आदिवासी एफसी और लिटिल स्टार चुरुगुई शामिल हैं।
पूल-बी में डीएमएफसी, स्पोर्टिंग क्लब, आदिवासी बॉयज क्लब, यूनाइटेड क्लब, कोल्हान वारियर और भगरिया ब्लास्टर की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
शनिवार को होंगे दो मुकाबले
उद्घाटन मैच में मुख्य रेफरी की जिम्मेदारी मदन चाकी ने निभाई। प्रतियोगिता के अगले दिन शनिवार को डीएफसी सीकेपी और शारदा फुटबॉल अकादमी के बीच पहला मुकाबला खेला जाएगा, जबकि दूसरे मैच में डीएमएफसी सीकेपी का सामना स्पोर्टिंग क्लब से होगा।




