बाड़ी में छिपाकर रखी थी अवैध शराब, 9 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

ऑपरेशन आघात के तहत कोतरारोड़ पुलिस की कार्रवाई, आबकारी एक्ट में मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा

रायगढ़, 27 सितंबर 2026। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत कोतरारोड़ पुलिस ने ग्राम नंदेली के इंदिरा आवास पारा में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 9 लीटर महुआ शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 900 रुपये बताई गई है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश

पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर को थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील आदित्य सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम नंदेली के इंदिरा आवास पारा में एक व्यक्ति अपनी बाड़ी में अवैध बिक्री के लिए महुआ शराब छिपाकर रखा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।

दो जरीकेन से 9 लीटर शराब बरामद

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मनबोध चौहान पिता पीला राम चौहान, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम नंदेली इंदिरा आवास पारा, थाना कोतरारोड़, जिला रायगढ़ बताया। पुलिस ने उसकी बाड़ी की तलाशी ली, जहां 5-5 लीटर क्षमता वाली दो प्लास्टिक जरीकेन में कुल 9 लीटर महुआ शराब मिली।

पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में शराब जब्त कर जब्ती पंचनामा तैयार किया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 900 रुपये बताई गई है।

आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

कार्रवाई में प्रधान आरक्षक रवि साय, आरक्षक अजय साय, बंशी रात्रे, मनोज यादव एवं महिला आरक्षक कस्तुरी राठिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।

Share This Article