रायगढ़। जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान लगातार जारी है। कलेक्टर के निर्देशन एवं सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई में आबकारी विभाग ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध महुआ शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
वाहन जांच के दौरान पकड़ा गया शराब तस्कर
आबकारी विभाग के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को आबकारी वृत्त रायगढ़ (दक्षिण) अंतर्गत रेंगालपाली आबकारी जांच चौकी में वाहनों की सघन जांच के दौरान ग्राम कोसमंदा (थाना पुसौर) निवासी शशि सिदार को लाल रंग की हीरो डिलक्स मोटरसाइकिल से कनकतुरा से पुसौर की ओर 6 लीटर ओडिशा निर्मित महुआ शराब का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 1,200 रुपये बताई गई है।
घर से भी मिली अवैध महुआ शराब
इसी अभियान के दौरान ग्राम तेतला (थाना पुसौर) निवासी कन्हैया पटेल के घर पर दबिश देकर 5.050 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। जब्त शराब का बाजार मूल्य लगभग 1,010 रुपये आंका गया है।
दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
आबकारी विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
अभियान रहेगा जारी
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक याजेन्द्र मेहर, आबकारी मुख्य आरक्षक दिनेश्वर सिंह कंवर तथा महिला आबकारी आरक्षक समिता चक्रेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




