बिजली दर वृद्धि GPM : बिजली दर बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस की प्रेस वार्ता, 400 यूनिट मुफ्त बिजली की मांग

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिला कांग्रेस कमेटी गौरेला-पेंड्रा-मरवाही ने जिला अध्यक्ष श्रीमती गंजमती भानू के नेतृत्व में प्रेस वार्ता आयोजित कर प्रदेश सरकार से बिजली दरों में हुई वृद्धि वापस लेने, स्मार्ट मीटर योजना निरस्त करने तथा प्रत्येक परिवार को 400 यूनिट तक निःशुल्क बिजली उपलब्ध कराने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिजली दरों में बढ़ोतरी से आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।

महंगी बिजली से आम जनता परेशान : गंजमती भानू

जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती गंजमती भानू ने कहा कि बिजली दरों में लगातार वृद्धि और स्मार्ट मीटर योजना से गरीब, किसान, मजदूर, मध्यमवर्गीय परिवार तथा छोटे व्यापारियों की समस्याएं बढ़ गई हैं। उन्होंने सरकार से जनहित में इन निर्णयों को तत्काल वापस लेने की मांग की।

जनविरोधी फैसलों का लगाया आरोप

पूर्व विधायक डॉ. के. के. ध्रुव ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जनता को राहत देने वाली कई योजनाएं संचालित थीं, जबकि वर्तमान सरकार के फैसलों से लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ा है। उन्होंने कहा कि बिजली जैसी मूलभूत सुविधा सभी की पहुंच में सुलभ होनी चाहिए।

आदिवासी कांग्रेस की राष्ट्रीय समन्वयक श्रीमती अर्चना पोर्ते ने कहा कि स्मार्ट मीटर और महंगी बिजली का सबसे अधिक असर ग्रामीण, आदिवासी और गरीब परिवारों पर पड़ रहा है। वहीं गुलाब राज ने कहा कि प्रदेश की जनता बढ़ते बिजली बिलों से परेशान है और कांग्रेस उनकी आवाज बनकर संघर्ष जारी रखेगी।

400 यूनिट मुफ्त बिजली की मांग

जिला महामंत्री पुष्पराज सिंह ने प्रत्येक परिवार को 400 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की मांग करते हुए कहा कि यदि सरकार ने मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो कांग्रेस व्यापक जनआंदोलन करेगी।

प्रवक्ता ओमप्रकाश बंका ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं से अधिक राशि वसूली जा रही है। जिला उपाध्यक्ष मूलचंद कुशराम ने कहा कि बढ़ती बिजली कीमतों से किसानों, छोटे व्यापारियों और आम परिवारों का बजट प्रभावित हुआ है।

जनआंदोलन की चेतावनी

जिला महामंत्री पवन केशरवानी ने कहा कि कांग्रेस बिजली से जुड़े जनविरोधी निर्णयों के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी। ब्लॉक अध्यक्ष शंकर कंवर ने ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था सुधारने की आवश्यकता बताई, जबकि दया वाकरे ने कहा कि कांग्रेस गांव-गांव जाकर इस मुद्दे पर जनजागरण अभियान चलाएगी।

प्रेस वार्ता का संचालन जिला महामंत्री पुष्पराज सिंह ने किया। इस दौरान कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share This Article