रायपुर में अवैध डीजल-पेट्रोल कारोबार का भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार, 14,100 लीटर ईंधन जब्त

Advertisement
Advertisement

रायपुर। राजधानी में अवैध ईंधन कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में अवैध पेट्रोल और डीजल जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में ओमप्रकाश साव उर्फ कालिया, उमेश साव, रामजी यादव और धर्मेंद्र साव शामिल हैं। ये सभी कान्हा ढाबा के पीछे ईपी रोलिंग मिल के पास लंबे समय से अवैध रूप से पेट्रोल-डीजल का भंडारण और रीसेलिंग का काम कर रहे थे।

मुखबिर की सूचना पर हुई बड़ी कार्रवाई

थाना कबीर नगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में बिना लाइसेंस के ज्वलनशील पदार्थों का बड़ा अवैध कारोबार चल रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपी सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए भारी मात्रा में ईंधन का अवैध भंडारण कर रहे थे, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था।

14,100 लीटर ईंधन सहित टैंकर जब्त

कार्रवाई में पुलिस ने कुल 14,100 लीटर अवैध डीजल-पेट्रोल जब्त किया है। इसमें शामिल है—

  • 8 ड्रम में 1,600 लीटर पेट्रोल
  • 3 ड्रम में 500 लीटर डीजल
  • टैंकर में भरा 12,000 लीटर डीजल
  • ₹1.30 लाख नकद
  • मोटर पंप, कीप और कटिंग ड्रम

जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग ₹35.45 लाख आंकी गई है।

पहले भी दर्ज हैं आपराधिक मामले

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी उरला और आमानाका थाना क्षेत्र में इसी तरह के अवैध तेल कारोबार में पकड़े जा चुके हैं और उनके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं।

आपूर्ति नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है कि अवैध ईंधन की सप्लाई कहां से होती थी और किन-किन स्थानों पर इसकी रीसेलिंग की जा रही थी।

रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
Share This Article