रेंज स्तरीय अपराध समीक्षा बैठक में आईजी रामगोपाल गर्ग के सख्त निर्देश, NDPS और गो-तस्करी पर कसेगा शिकंजा

Advertisement
Advertisement

नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन से लेकर CCTNS और डिजिटल पोर्टल के शत-प्रतिशत उपयोग पर जोर, लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही

बिलासपुर। पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग ने रेंज के सभी जिलों में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग की गुणवत्ता को लेकर उच्चस्तरीय अपराध एवं सुरक्षा समीक्षा बैठक ली। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में रेंज के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन, लंबित मामलों के निराकरण, CCTNS एवं अन्य आईटी पोर्टल के उपयोग, गंभीर अपराधों की रोकथाम, मादक पदार्थों की तस्करी तथा गो-तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

60 और 90 दिन की समय-सीमा में चालान पेश करने के निर्देश

आईजी गर्ग ने थानों में लंबित प्रकरणों की संख्या न्यूनतम करने और पुराने मामलों के शीघ्र निराकरण पर विशेष जोर दिया। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत निर्धारित 60 और 90 दिनों की वैधानिक समय-सीमा के भीतर चालान अथवा खात्मा रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

सभी राजपत्रित अधिकारियों को मामलों की साप्ताहिक समीक्षा और निगरानी की जिम्मेदारी सौंपने के निर्देश भी दिए गए।

डिजिटल पुलिसिंग को 100 प्रतिशत लागू करने पर जोर

बैठक में पुलिसिंग को अधिक पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने के लिए विभिन्न डिजिटल प्रणालियों के शत-प्रतिशत उपयोग पर जोर दिया गया।

MedLEaPR के माध्यम से मेडिकल लीगल रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट को डिजिटल रूप में तैयार कराने तथा स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। वहीं e-Sign और GeM पोर्टल के उपयोग को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इसके अलावा e-Sakshya, e-Forensic और e-Malkhana के प्रभावी उपयोग, डिजिटल साक्ष्यों को ई-साक्ष्य प्रणाली से जोड़ने और जब्त सामग्री के रिकॉर्ड एवं प्रेषण को अधिक पारदर्शी बनाने पर जोर दिया गया।

CCTNS और VCNB रिकॉर्ड अपडेट करने के निर्देश

आईजी ने CCTNS में दर्ज मामलों और विवेचना संबंधी विवरण को नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए। Integrated Investigation Forms (IIF-1 से 11) तथा ग्राम अपराध नोटबुक (VCNB) की प्रविष्टियों को राजस्व रिकॉर्ड के अनुरूप अपडेट करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

NDPS मामलों में कार्रवाई के दौरान प्रक्रियात्मक शुद्धता जरूरी

मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई को और प्रभावी बनाने के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए। आईजी ने कहा कि NDPS मामलों में जब्ती की कार्रवाई के दौरान प्रक्रियात्मक त्रुटियों की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।

इसके लिए एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) के प्रभारी अथवा प्रशिक्षित अधिकारी की मौजूदगी में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मादक पदार्थों के परिवहन में इस्तेमाल वाहनों की विधिसम्मत इन्वेंट्री तैयार करने और आदतन तस्करों की संपत्ति के खिलाफ PIT-NDPS तथा SAFEMA जैसे प्रावधानों के तहत कार्रवाई के प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।

संगठित गो-तस्करी गिरोहों की वित्तीय कड़ी तक पहुंचने पर जोर

गो-तस्करी के मामलों में केवल वाहन या मवेशियों की जब्ती तक कार्रवाई सीमित न रखने, बल्कि संगठित गिरोहों की पूरी श्रृंखला की जांच करने के निर्देश दिए गए।

अंतरराज्यीय तस्करी से जुड़े मामलों में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच के साथ वित्तीय पहलुओं की भी पड़ताल करने, आदतन तस्करों की गैंग हिस्ट्रीशीट तैयार करने और उनकी संपत्ति से संबंधित कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।

सीमावर्ती मार्गों पर 24 घंटे सघन चेकिंग रखने तथा जब्त वाहनों के राजसात और सार्वजनिक नीलामी की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।

लापरवाही पर संबंधित अधिकारी की तय होगी जवाबदेही

आईजी रामगोपाल गर्ग ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था मजबूत करने के साथ सभी तकनीकी पोर्टल का शत-प्रतिशत उपयोग और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि CCTNS एवं आईटी पोर्टल के अनुपालन में लापरवाही, विवेचना में गंभीर त्रुटि अथवा चालान प्रस्तुत करने की निर्धारित समय-सीमा का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। लापरवाही सामने आने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

रेंज के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह, मुंगेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, कोरबा के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी, सक्ती के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय और सारंगढ़ के पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा सहित रेंज एवं जिलों के अन्य अधिकारी तथा ANTF के अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर: अभिषेक कुमार पाण्डेय, बिलासपुर, छत्तीसगढ़

Advertisement
Share This Article