ऊधमपुर: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ. एक यात्री बस के खाई में गिरने से 15 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हो गए. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और राहत बचाव अभियान चलाया. हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है. केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने मामले घटना पर तुरंत संज्ञान लिया. जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने घटना पर दुख जताया.
अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में एक यात्री बस पहाड़ी से नीचे गिर गई, जिससे 15 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए. अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा पहाड़ी सड़क पर राम नगर इलाके के कागोर्ट गांव के पास सुबह करीब 10 बजे हुआ, जब बस एक मोड़ से गुजर रही थी.
उन्होंने बताया कि एक बड़ा बचाव अभियान चल रहा है. घटनास्थल से कई लोगों को अस्पताल ले जाया गया है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. अधिकारियों ने बताया कि जिस समय यह हादसा हुआ, बस एक दूरदराज के गांव से उधमपुर की ओर जा रही थी.
राहत बचाव को लेकर एक बड़ा बचाव अभियान जारी है. अधिकारियों के अनुसार जब यह हादसा हुआ तब बस एक दूरदराज के गांव से ऊधमपुर की ओर जा रही थी. इस घटना के बारे में और जानकारी अभी जुटाई जा रही है.
केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने घटना की जानकारी ली
राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने ऊधमपुर के जिला कलेक्टर (DC) मिंगा शेरपा से बात की. उन्हें भरोसा दिलाया कि हर संभव मदद मुहैया कराई जा रही है. एक्स पर एक सोशल मीडिया पोस्ट में सिंह ने कहा, ‘अभी-अभी मैंने ऊधमपुर के डीसी मिंगा शेरपा से बात की. मुझे एक घंटे से भी कम समय पहले रामनगर से ऊधमपुर जा रही एक यात्री बस के गांव कनोट में एक दुखद सड़क हादसे का शिकार होने की जानकारी मिली थी.’
उन्होंने आगे कहा, ‘बचाव अभियान तुरंत शुरू कर दिया गया है. भारी जान-माल के नुकसान की आशंका है. हर संभव मदद मुहैया कराई जा रही है. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा जाएगा. गंभीर रूप से घायलों को एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था की जा रही है. मैं स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ राजिंदर शर्मा के नेतृत्व वाली हमारी स्थानीय कार्यकर्ताओं की टीम के भी लगातार संपर्क में हूं.’
उपराज्यपाल ने दुख जताया
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे पर दुख जताया. एक्स पर एक पोस्ट में लिखा,’ऊधमपुर में हुआ यह दुखद सड़क हादसा दिल दहला देने वाला है. शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. ईश्वर उन्हें इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ. मैंने जिला प्रशासन, पुलिस और एसडीआर को निर्देश दिए हैं.
महबूबा मुफ्ती ने भी शोक जताया
जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने भी शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की.

