रायपुर। लंबे इंतजार के बाद उच्च शिक्षा विभाग ने राज्य के महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में प्रवेश तिथियों की घोषणा कर दी है। विभाग ने सभी विश्वविद्यालयों को प्रवेश संबंधी दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं, जिसके बाद अब 16 जून से स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी।
विभागीय आदेश के अनुसार छात्र जुलाई अंत तक महाविद्यालयों में प्रवेश ले सकेंगे। वहीं प्राचार्य स्तर पर भी जुलाई के अंत तक एडमिशन की अनुमति रहेगी। रिक्त सीटों या विशेष परिस्थितियों में कुलपति की अनुमति से 14 अगस्त तक प्रवेश दिए जा सकेंगे।
परिणाम जारी होने के बाद भी लटका था प्रवेश
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा अप्रैल में 12वीं के परिणाम घोषित किए जाने के बावजूद प्रवेश प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई थी। इस कारण छात्र लगातार महाविद्यालयों के चक्कर लगा रहे थे। तिथि घोषित न होने से कॉलेजों ने भी प्रवेश प्रक्रिया रोक रखी थी, जिससे छात्रों में असमंजस की स्थिति बनी हुई थी।
केंद्रीकृत पोर्टल से हो रहा आवेदन
राज्य के विश्वविद्यालयों ने पहले ही केंद्रीकृत प्रवेश पोर्टल खोल दिया है। छात्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं और अपनी पसंद के पांच महाविद्यालयों का चयन कर सकते हैं।
प्रवेश तिथि तय न होने के कारण अभी तक आवेदन की अंतिम तिथि घोषित नहीं की गई थी, लेकिन अब विश्वविद्यालय जल्द ही मेरिट आधारित प्रवेश प्रक्रिया और चरणबद्ध तिथियां जारी करेंगे।
कॉलेजों में हेल्पडेस्क शुरू, छात्रों को मिली राहत
प्रवेश तिथि घोषित होने के बाद अब महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में हेल्पडेस्क भी सक्रिय कर दिए गए हैं। इससे छात्रों को आवेदन और प्रवेश प्रक्रिया में सहायता मिल रही है। लंबे समय से जारी असमंजस खत्म होने के बाद छात्रों और शिक्षण संस्थानों दोनों ने राहत की सांस ली है।




