पोते से मिलने रायपुर जा रही दादी की सड़क हादसे में मौत, ट्रेलर की टक्कर से गई जान

Advertisement

दुर्ग के नेहरू नगर में दर्दनाक हादसा, स्कूटी सवार महिला ट्रेलर के पहिए के नीचे आई

दुर्ग। जिले के सुपेला थाना क्षेत्र स्थित नेहरू नगर में शनिवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी पर पीछे बैठी महिला ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

पहली बार पोते से मिलने जा रही थीं हेमिन बाई, परिवार की खुशियां मातम में बदलीं

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान डौंडीलोहारा के सोरली निवासी हेमिन बाई पटेल (60) के रूप में हुई है। हेमिन बाई अपने देवर प्रहलाद पटेल के साथ स्कूटी से डौंडीलोहारा से रायपुर जा रही थीं। बताया गया कि मृतका की बहू ने दो-तीन दिन पहले ही बच्चे को जन्म दिया था और हेमिन बाई पहली बार अपने पोते से मिलने रायपुर स्थित एम्स जा रही थीं। परिवार में बच्चे के जन्म को लेकर खुशी का माहौल था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

नेहरू नगर योगा गार्डन के पास हुआ हादसा, मौके पर ही तोड़ा दम

जानकारी के मुताबिक, जब दोनों सुपेला थाना क्षेत्र के नेहरू नगर स्थित योगा गार्डन के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए ट्रेलर ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पीछे बैठी हेमिन बाई सड़क पर गिर गईं और ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गईं। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद फरार हुआ चालक, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे के बाद से ट्रेलर चालक फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और कुम्हारी टोल प्लाजा सहित आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

अज्ञात ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज, जांच जारी

इस मामले में सुपेला थाना पुलिस ने अज्ञात ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Share This Article