न्यायधानी में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

Advertisement

बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने किया उद्घाटन, पांचों संभागों के 845 खिलाड़ी और 150 ऑफिशियल ले रहे हिस्सा

बिलासपुर, 3 सितंबर 2026। न्यायधानी बिलासपुर के पुलिस ग्राउंड में गुरुवार को 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। चार दिवसीय इस राज्य स्तरीय आयोजन का उद्घाटन मुख्य अतिथि बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों से 845 खिलाड़ी और 150 ऑफिशियल हिस्सा ले रहे हैं।

उद्घाटन समारोह में विभिन्न संभागों से पहुंचे खिलाड़ियों ने मार्चपास्ट कर खेल भावना और अनुशासन का परिचय दिया। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह नजर आया।

शिक्षा के साथ खेल भी जरूरी : सुशांत शुक्ला

मुख्य अतिथि विधायक सुशांत शुक्ला ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इसके लिए बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी आगे बढ़ना होगा।

उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए पूरी लगन और खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को मिल रहा बेहतर वातावरण : भूपेंद्र सवन्नी

विशिष्ट अतिथि एवं क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में खेलों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है। बस्तर खेल महोत्सव और सरगुजा खेल महोत्सव जैसे आयोजनों के माध्यम से प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के अवसर मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

खेलों से शारीरिक-मानसिक विकास के साथ करियर के अवसर : कलेक्टर

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने प्रतियोगिता में पहुंचे सभी खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि खेल में केवल जीत या हार ही महत्वपूर्ण नहीं होती, बल्कि प्रतियोगिता में भाग लेना और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करना भी बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वर्तमान समय में खेल प्रतिभाओं के लिए विभिन्न क्षेत्रों में करियर के बेहतर अवसर भी उपलब्ध हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन बनाए रखते हुए पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का आह्वान किया।

विभिन्न खेल स्पर्धाओं में प्रतिभा दिखाएंगे खिलाड़ी

चार दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान बिलासपुर के अलग-अलग खेल मैदानों में विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें बेसबॉल, तैराकी और वाटरपोलो सहित अन्य खेल शामिल हैं।

बेसबॉल प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ स्कूल मैदान में, जबकि तैराकी एवं वाटरपोलो की स्पर्धाएं संजय तरण पुष्कर, बिलासपुर में आयोजित की जा रही हैं।

खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन और परिवहन की व्यवस्था

संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग बिलासपुर अश्वनी कुमार भारद्वाज ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों और ऑफिशियल के लिए आवास, शुद्ध पेयजल, भोजन और परिवहन की समुचित व्यवस्था की गई है।

व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए शिक्षा एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने बांधा समां

उद्घाटन समारोह में पीएम श्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरकंडा की छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। उनकी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और खिलाड़ियों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. भारती दुबे ने किया। वहीं आशीष मिश्रा एवं शाहिद हुसैन ने मास्टर ऑफ सेरेमनी के रूप में कार्यक्रम का प्रभावी संचालन किया।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी

शुभारंभ अवसर पर महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, संयुक्त संचालक शिक्षा अश्वनी कुमार भारद्वाज, प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी वर्षा शर्मा, सहायक संचालक खेल जी.डी. गर्ग, बीईओ बिल्हा भूपेंद्र कौशिक, बीईओ कोटा गोपाल दुबे सहित शिक्षा और खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा सुशील मिश्रा, डॉ. सुरेश शुक्ला, रितेश सिंह (अध्यक्ष, शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ), मृत्युंजय शर्मा (सचिव), अजय त्रिपाठी, सुभाष त्रिपाठी, अभ्युदय तिवारी तथा डॉ. गायत्री तिवारी, प्राचार्य पीएम श्री स्कूल सरकंडा सहित अन्य गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

रिपोर्टर: अभिषेक कुमार पाण्डेय, बिलासपुर, छत्तीसगढ़

Share This Article