उपजातियों की सीमाएं तोड़कर एक मंच पर आएगा ब्राह्मण समाज, बिलासपुर में होगा राष्ट्रीय वैवाहिक परिचय एवं परिवार मिलन समारोह

Advertisement
Advertisement

20 दिसंबर को सरकंडा में जुटेंगे देशभर के ब्राह्मण परिवार, पुनर्विवाह के इच्छुक युवक-युवतियों को भी मिलेगा सम्मानजनक मंच

बिलासपुर। बदलते सामाजिक परिवेश में विवाह के लिए उपजातीय सीमाओं, बिचौलियों और पारंपरिक वैवाहिक विज्ञापनों पर निर्भरता के बीच ‘ब्राह्मण युवा आयाम’ ने एक व्यापक पहल की है। संगठन की ओर से बिलासपुर में 9वें राष्ट्रीय समग्र ब्राह्मण युवक-युवती वैवाहिक परिचय एवं परिवार मिलन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम 20 दिसंबर 2026 को सरकंडा स्थित सिद्धि मुस्कान भवन में होगा।

आयोजकों के अनुसार यह आयोजन केवल युवक-युवतियों के परिचय तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अलग-अलग उपजातियों में बंटे समाज को एक साझा मंच पर लाने और परिवारों के बीच प्रत्यक्ष संवाद को बढ़ावा देने का प्रयास भी होगा।

अलग-अलग उपजातियों को एक मंच पर लाने की पहल

ब्राह्मण समाज में प्रचलित विभिन्न उपजातीय पहचान के बीच वैवाहिक संबंधों को लेकर बनी सीमाओं को कम करने की दिशा में इस आयोजन को महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। सरयूपारी, कान्यकुब्ज, मैथिल और मारवाड़ी सहित विभिन्न वर्गों के परिवारों को एक ही मंच पर परिचय और संवाद का अवसर देने की तैयारी है।

आयोजकों का उद्देश्य परिवारों के बीच प्रत्यक्ष संपर्क स्थापित कर वैवाहिक रिश्तों के लिए अधिक व्यापक विकल्प उपलब्ध कराना है।

पुनर्विवाह को लेकर सामाजिक संकोच खत्म करने का संदेश

आयोजन की एक प्रमुख विशेषता यह है कि इसमें तलाकशुदा, विधवा और विधुर युवक-युवतियों के पुनर्विवाह को भी समान सम्मान के साथ स्थान दिया गया है। आयोजकों का कहना है कि पुनर्विवाह के इच्छुक प्रत्याशियों को सामाजिक संकोच के कारण पीछे नहीं रहना चाहिए और उन्हें भी सम्मानजनक वैवाहिक मंच मिलना जरूरी है।

कम शुल्क में परिवारों को मिलेगा प्रत्यक्ष संवाद का अवसर

आयोजकों के मुताबिक कार्यक्रम में पंजीयन शुल्क केवल 301 रुपये रखा गया है। इसका उद्देश्य वैवाहिक परिचय प्रक्रिया को सरल और कम खर्चीला बनाना है। परिवारों को बिचौलियों अथवा अनावश्यक खर्च के बजाय सीधे एक-दूसरे से बातचीत और परिचय का अवसर मिलेगा।

पिछले आयोजन में 52 जोड़ों के रिश्ते हुए तय

आयोजकों ने बताया कि इस मंच के पिछले आयोजन के माध्यम से 52 जोड़ों के रिश्ते तय हुए और बाद में उनका विवाह संपन्न हुआ। इसी अनुभव के आधार पर इस बार भी बड़ी संख्या में परिवारों के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है।

आयोजकों के अनुसार इस वर्ष छत्तीसगढ़ के अलावा देश के अन्य राज्यों से भी ब्राह्मण परिवारों के बिलासपुर पहुंचने की संभावना है।

20 दिसंबर को सुबह 11 बजे से होगा आयोजन

राष्ट्रीय समग्र ब्राह्मण युवक-युवती वैवाहिक परिचय एवं परिवार मिलन समारोह 20 दिसंबर 2026, रविवार को सुबह 11 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा।

स्थान: सिद्धि मुस्कान भवन, अशोक नगर, बिरकोना रोड, पानी टंकी से लगभग 200 मीटर आगे, सरकंडा, बिलासपुर।

10 दिसंबर तक करा सकेंगे पंजीयन

इच्छुक युवक-युवतियों और उनके परिवारों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए 10 दिसंबर 2026 तक पंजीयन कराना होगा। पंजीयन शुल्क 301 रुपये निर्धारित किया गया है।

इन नंबरों पर कर सकते हैं संपर्क

बिलासपुर क्षेत्र के लिए ज्योतिन्द्र उपाध्याय – 87705 61466 और रविन्द्र उपाध्याय – 95755 45634 से संपर्क किया जा सकता है। वहीं सरगुजा संभाग के इच्छुक परिवार अंकिता तिवारी – 99261 98756 से संपर्क कर सकते हैं।

इस आयोजन का संयोजन ब्राह्मण युवा आयाम, छत्तीसगढ़ द्वारा किया जा रहा है।

रिपोर्टर: अभिषेक कुमार पाण्डेय, बिलासपुर, छत्तीसगढ़

Advertisement
Share This Article