हजारों श्रद्धालुओं ने किए भगवान श्रीकृष्ण और श्रीश्याम बाबा के दर्शन, श्याम परिसर में गूंजे जयकारे
रायगढ़। श्री श्याम मंडल रायगढ़ की ओर से अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल लेंध्रा के विशेष मार्गदर्शन में आयोजित 28वें पांच दिवसीय ऐतिहासिक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव का रविवार को धार्मिक उल्लास और भक्तिमय वातावरण के बीच समापन हुआ। 2 से 6 सितंबर तक आयोजित इस महोत्सव में शहर सहित दूर-दराज क्षेत्रों और अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
शुभारंभ में संत और वित्त मंत्री हुए शामिल
महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर बनोरा के बाबा पूज्यपाद प्रियदर्शी महाराज और प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। पांच दिनों तक चले आयोजन में शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों और श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन-पूजन के साथ श्याम बगीची परिसर में सजाई गई आकर्षक झांकियों का अवलोकन किया।
अलौकिक श्रृंगार और महाआरती से भक्तिमय हुआ वातावरण
समापन दिवस पर भगवान श्रीकृष्ण और श्रीश्याम बाबा का विशेष एवं मनमोहक श्रृंगार किया गया। सुबह और शाम आयोजित पूजा-अर्चना तथा महाआरती के दौरान शंखध्वनि से पूरा परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से आरती में शामिल होकर भगवान का आशीर्वाद लिया। इस दौरान पूरा श्याम परिसर ‘जय-जय श्री राधे’ और ‘जय श्री श्याम बाबा’ के जयकारों से गुंजायमान रहा।
एसपी शशिमोहन सिंह और निगम कमिश्नर बृजेश सिंह रहे मुख्य अतिथि
समापन समारोह में जिला पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह मुख्य अतिथि तथा निगम कमिश्नर बृजेश सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। दोनों अतिथियों ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर विधिवत महोत्सव का समापन किया।
पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने आयोजन में शामिल होने को अपना सौभाग्य बताते हुए कहा कि श्री श्याम मंडल ने जिस परंपरा को निरंतरता और विशिष्टता के साथ आगे बढ़ाया है, उसके लिए मंडल के सभी सदस्य बधाई के पात्र हैं। उन्होंने आयोजन की सफलता की सराहना करते हुए भविष्य में इस महोत्सव को और व्यापक पहचान एवं गरिमा मिलने की शुभकामनाएं दीं।
निगम कमिश्नर बृजेश सिंह ने भी आयोजन की भव्यता की प्रशंसा की। उन्होंने अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल लेंध्रा सहित श्री श्याम मंडल के सभी सदस्यों को सफल आयोजन के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।
अन्य राज्यों से भी पहुंचे श्रद्धालु
पांच दिवसीय उत्सव के दौरान रायगढ़ के अलावा दूर-दराज क्षेत्रों और अन्य राज्यों से भी हजारों श्रद्धालु पहुंचे। श्याम बगीची परिसर में तैयार की गई मनमोहक एवं चित्ताकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। श्रद्धालुओं ने झांकियों का अवलोकन करने के साथ आयोजन की व्यवस्थाओं और मंडल के सदस्यों के प्रयासों की सराहना की।
एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पाया खिचड़ी प्रसाद
श्री श्याम मंदिर परिसर में श्याम सखी मंडल की ओर से दो दिनों तक खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मंडल के अनुसार करीब एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं तक खिचड़ी प्रसाद पहुंचा।
समापन दिवस पर भी उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
समापन दिवस पर सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। भक्तों ने भगवान श्रीकृष्ण और श्रीश्याम बाबा के दर्शन-पूजन किए तथा परिसर में स्थापित झांकियों का आनंद लिया। पांच दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन ने पूरे शहर को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।




